सारण के दरियापुर में अहले सुबह टूटा माही नदी का बांध, छह पंचायतों के दर्जनों गांवों पर मंडराया बाढ़ का खतरा

दरियापुर प्रखंड के मुजौना के पास माही नदी का बांध टूट जाने से छह पंचायतों के दर्जनों गांवों में बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है. तेजी से फैलते पानी ने कई खेतों और घरों को अपनी चपेट में ले लिया है. प्रशासन मौके पर राहत और बचाव कार्य में जुटा है.

Mahi River Dam: दरियापुर प्रखंड के मुजौना और मोहन कोठियां के बीच रविवार की अहले सुबह माही नदी का बांध अचानक टूट गया. बांध टूटने के बाद खानपुर, अकबरपुर, ककरहट, विश्वम्भरपुर, मुजौना और बेला पंचायतों के दर्जनों गांवों में बाढ़ का खतरा उत्पन्न हो गया है. पानी तेजी से आसपास के इलाकों में फैल रहा है. कई गांवों की फसलें डूब गयी हैं और कई घरों में भी पानी घुसने लगा है.

करीब 20 फीट चौड़ाई में टूटा बांध

ग्रामीणों के अनुसार, शनिवार की शाम से ही बांध से पानी का रिसाव हो रहा था. लेकिन समय रहते रिसाव को रोकने के लिए प्रभावी कार्रवाई नहीं हो सकी. रविवार की अहले सुबह पानी के तेज दबाव के कारण बांध टूट गया. बताया जा रहा है कि करीब 20 फीट चौड़ाई और लगभग 30 फीट गहराई में बांध टूटा है.

बांध टूटने के बाद पानी तेजी से आसपास के गांवों की ओर फैलने लगा. सुबह होते-होते कई खेत पानी में डूब गये और अब बस्तियों में भी पानी पहुंचने लगा है.

बीडीओ और सीओ मौके पर कैंप कर रहे

घटना की जानकारी मिलने के बाद बीडीओ, सीओ समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंच गये हैं. प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में बांध को बांधने और पानी के बहाव को नियंत्रित करने का प्रयास किया जा रहा है.

स्थानीय ग्रामीण भी मिट्टी, पेड़ की डाल और अन्य सामग्री की मदद से टूटे हिस्से को बंद करने में जुटे हैं. हालांकि पानी का दबाव अधिक होने के कारण अब तक बांध को पूरी तरह रोकने में सफलता नहीं मिली है.

ऊंचे स्थानों की ओर जाने लगे ग्रामीण

बांध टूटने के बाद आसपास के गांवों में रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ गयी है. पानी लगातार फैलने के कारण कई ग्रामीण सुरक्षित स्थानों पर जाने की तैयारी कर रहे हैं. जिन इलाकों में पानी घरों तक पहुंच गया है, वहां लोगों के सामने सामान और मवेशियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की चुनौती भी खड़ी हो गयी है.

फसलों को भारी नुकसान की आशंका

बांध टूटने से खेतों में तेजी से पानी फैल रहा है. कई गांवों की फसलें सुबह से ही पानी में डूब गयी हैं. पानी का फैलाव बढ़ने पर फसलों को और नुकसान होने की आशंका है.

फिलहाल प्रशासन की टीम मौके पर कैंप कर रही है और टूटे बांध को बंद करने का प्रयास जारी है. ग्रामीणों की नजर अब पानी के बहाव और प्रशासन की कार्रवाई पर बनी हुई है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By विकास कुमार

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >