Flood Victims: सोनपुर के पूर्व विधायक डॉ. रामानुज प्रसाद ने गंगा नदी के बढ़े जलस्तर से प्रभावित सबलपुर, शाहपुर दियारा, गंगाजल सहित विभिन्न पंचायतों का दौरा किया. इस दौरान उन्होंने बाढ़ के कारण विस्थापित हुए लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली और राहत व्यवस्था का जायजा लिया.
बाढ़ प्रभावित परिवार सोनपुर रेलवे मंडल कैंप और बजरंग चौक पर शरण लिए हुए हैं. पूर्व विधायक ने प्रभावित लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और प्रशासन की ओर से मिल रही सुविधाओं के बारे में जानकारी ली.
डीएम से फोन पर की बात
पूर्व विधायक ने सारण के जिला पदाधिकारी से दूरभाष पर बातचीत कर विस्थापित बाढ़ पीड़ितों के लिए तत्काल शेड की व्यवस्था कराने का आग्रह किया. उन्होंने प्रभावित परिवारों के लिए पर्याप्त प्लास्टिक, शौचालय और भोजन उपलब्ध कराने की भी मांग की.
राहत-बचाव में तेजी लाने की मांग
डॉ. रामानुज प्रसाद ने कहा कि बाढ़ प्रभावित लोगों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए. प्रशासन को राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाते हुए प्रभावित परिवारों तक आवश्यक सुविधाएं पहुंचानी चाहिए. उन्होंने बाढ़ पीड़ितों को हरसंभव सहयोग का भरोसा भी दिलाया.
