सारण: सड़क हादसे में घायल पूर्व सेना जवान की इलाज के दौरान मौत

भेल्दी: सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल पूर्व सेना जवान धर्मेंद्र कुमार सिंह की 10 दिन के इलाज के बाद आज सुबह मौत हो गई। परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Saran News: सारण जिले के भेल्दी थाना क्षेत्र के पैगा मित्रसेन गांव (तकेया) निवासी एवं पूर्व सेना जवान धर्मेंद्र कुमार सिंह (43) की सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल होने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। करीब 10 दिनों तक पटना के एक निजी अस्पताल में जीवन और मौत से संघर्ष करने के बाद गुरुवार सुबह करीब पांच बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

3 जुलाई को स्कॉर्पियो की टक्कर में हुए थे गंभीर घायल

जानकारी के अनुसार धर्मेंद्र कुमार सिंह 3 जुलाई को अपने गांव तकेया से किसी निजी कार्य से मढ़ौरा अनुमंडल जा रहे थे। इसी दौरान रसूलपुर पंचायत के चैनपुर गांव के समीप मोड़ पर सामने से आ रही एक स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे।

पटना में चल रहा था इलाज

दुर्घटना की सूचना मिलते ही परिजन उन्हें पहले स्थानीय स्तर पर उपचार के बाद पटना के एक निजी अस्पताल ले गए। वहां लगातार 10 दिनों तक उनका इलाज चलता रहा, लेकिन चिकित्सकों के प्रयास के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।

शव पहुंचते ही गांव में मचा कोहराम

पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही उनका शव गांव पहुंचा, परिवार में चीख-पुकार मच गई। मां, पत्नी और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। मृतक अपने पीछे पत्नी, दो बेटियां और एक बेटा छोड़ गए हैं।

मिलनसार स्वभाव के कारण समाज में थी अलग पहचान

ग्रामीणों ने बताया कि धर्मेंद्र कुमार सिंह पूर्व में भारतीय सेना में सेवा दे चुके थे। वे मिलनसार, सरल और मृदुभाषी स्वभाव के व्यक्ति थे तथा समाज में उनकी अच्छी पहचान थी। उनके असामयिक निधन से पूरे गांव में शोक का माहौल है।

परिजनों को ढांढस बंधाने पहुंचे जनप्रतिनिधि

घटना की जानकारी मिलने के बाद गांव के पूर्व मुखिया रमेश राय, वर्तमान उपमुखिया नवीन राय समेत सैकड़ों ग्रामीण मृतक के घर पहुंचे और शोकाकुल परिवार को सांत्वना दी। सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Prabhat khabar news desk

Published by: Vivek Ranjan

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >