छपरा के मढ़ौरा में ताप्ती गंगा एक्सप्रेस की चपेट में आया 10वीं का छात्र, धीरज की मौत

पूर्वी चंपारण में एक चौंकाने वाली घटना में, 15 वर्षीय छात्र ईयरफोन लगाकर मोबाइल सुन रहा था और ताप्ती गंगा एक्सप्रेस की चपेट में आ गया. इस दर्दनाक हादसे ने रेलवे ट्रैक पर ईयरफोन के इस्तेमाल की खतरनाक प्रवृत्ति को उजागर किया है.

Tapti Ganga Express: रेलवे स्टेशन दक्षिणी ढाला और मढ़ौरा स्टेशन के बीच रेलवे पुलिया के पास बुधवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया. ताप्ती गंगा एक्सप्रेस की चपेट में आने से दसवीं कक्षा के 15 वर्षीय छात्र की मौत हो गयी. घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में मातम पसरा है.

मृतक की पहचान पकहां गांव निवासी भीष्म महतो के पुत्र धीरज कुमार के रूप में हुई है. स्थानीय लोगों के अनुसार, धीरज बुधवार सुबह करीब साढ़े सात बजे घर के सामने थावे-छपरा रेलखंड के ट्रैक के पास गया था. इसी दौरान छपरा की ओर जा रही ताप्ती गंगा एक्सप्रेस वहां से गुजरी. हादसे में किशोर की मौके पर ही मौत हो गयी.

ईयरफोन लगाकर मोबाइल सुनने की बात सामने आयी

स्थानीय लोगों के अनुसार, धीरज के कान में ब्लूटूथ ईयरफोन लगा था और वह मोबाइल पर कुछ सुन रहा था. इसी दौरान ट्रेन के गुजरने के समय वह संतुलन खो बैठा और हादसा हो गया. घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गये.

आरपीएफ ने मौके पर पहुंचकर ली जानकारी

हादसे की जानकारी मिलते ही मढ़ौरा आरपीएफ के पुलिस पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली. परिजनों द्वारा शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार करने के बाद पुलिस ने पंचनामा तैयार किया और शव परिजनों को सौंप दिया.

तीन भाइयों में मंझला था धीरज

धीरज तीन भाइयों में मंझला था. उसके पिता राजमिस्त्री का काम कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं. बेटे की अचानक मौत से मां समेत परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है. घटना के बाद पकहां गांव में भी शोक का माहौल है.

रेल ट्रैक के पास मोबाइल-ईयरफोन से सतर्क रहने की जरूरत

हादसे ने रेल पटरियों और रेलवे ट्रैक के आसपास मोबाइल फोन या ईयरफोन के इस्तेमाल को लेकर एक बार फिर सावधानी बरतने की जरूरत को सामने ला दिया है. रेलवे ट्रैक के आसपास लोगों को हमेशा सतर्क रहने और ट्रेन के आवागमन के दौरान मोबाइल या ईयरफोन का इस्तेमाल नहीं करने की सलाह दी जाती है.

इसे भी पढ़ें: हाजीपुर बाढ़ राहत शिविर पहुंचे पप्पू यादव, महिलाओं को बांटे आर्थिक सहायता; भोजन पर उठाए सवाल

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By मनोकामना सिंह

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >