सारण के बरबन्ना में सड़क पर चढ़ा बाढ़ का पानी, तीन पंचायतों का संपर्क टूटा, अब इस रास्ते से पहुंचेंगे दिघवारा?

गंगा के साथ माही नदी का जलस्तर बढ़ने से दिघवारा प्रखंड के कई नए इलाके बाढ़ की चपेट में आ गए हैं. बरबन्ना के पास सड़क जलमग्न होने से आवागमन ठप हो गया है, जिससे तीन पंचायतों का संपर्क टूट गया है. लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

Ganga water level: गंगा के बढ़ते जलस्तर के बीच माही नदी का पानी भी बढ़ने लगा है. इसके कारण दिघवारा प्रखंड में शनिवार को कई नए इलाकों में बाढ़ और जलजमाव की स्थिति पैदा हो गयी. बरबन्ना के समीप सड़क पर बाढ़ का पानी चढ़ जाने से आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया है. मलखाचक से दिघवारा मुख्य बाजार आने वाला रास्ता बंद होने से बरुआ, त्रिलोकचक और कुरैया समेत तीन पंचायतों के लोगों का बाजार से सीधा संपर्क टूट गया है. अब इन इलाकों के लोगों को पट्टीपुल के रास्ते मुख्य बाजार पहुंचना होगा.

बरबन्ना और बसतपुर में घरों तक पहुंचा पानी

बरबन्ना के समीप सड़क पर काफी मात्रा में बाढ़ का पानी जमा हो जाने के कारण इस रास्ते पर आवागमन पूरी तरह बंद हो गया है. वहीं बरबन्ना और बसतपुर के आसपास कई घरों में भी बाढ़ का पानी प्रवेश कर गया है. अचानक पानी बढ़ने से लोगों की परेशानी बढ़ गयी है.

कई स्थानों पर पानी बस्ती के आसपास पहुंच जाने के बाद लोग सुरक्षित जगहों की ओर जाने लगे हैं. स्थानीय लोगों के सामने आवागमन के साथ-साथ घर और सामान सुरक्षित रखने की चुनौती भी बढ़ गयी है.

राईपट्टी में तेजी से बस्ती की ओर बढ़ रहा पानी

गंगा के बढ़े जलस्तर के बीच नगर पंचायत के वार्ड संख्या 10 स्थित राईपट्टी मुहल्ले में भी बाढ़ का पानी तेजी से बस्ती की ओर बढ़ रहा है. राईपट्टी और मीरपुर भुआल से बाजार आने-जाने वाले लोगों को अब वैकल्पिक रास्तों का सहारा लेना पड़ रहा है.

डोमन शाह बाबा के मजार के समीप काफी मात्रा में पानी जमा हो जाने से निचले रास्ते से आवागमन बंद हो गया है. पानी बढ़ने के कारण पशुपालक भी अपने मवेशियों को लेकर सुरक्षित स्थानों की ओर जाने लगे हैं.

चंवर में फैल रहा पानी, फसलों पर भी संकट

गंगा का पानी बरबन्ना के समीप सड़क को पार करते हुए यदुनंदन कॉलेज के आसपास स्थित चंवर क्षेत्र में तेजी से फैल रहा है. खेतों में पानी प्रवेश करने से सब्जी समेत अन्य फसलों को नुकसान होने की आशंका बढ़ गयी है.

धीरे-धीरे चंवर क्षेत्र में पानी का फैलाव बढ़ रहा है. यदि जलस्तर में और वृद्धि होती है, तो किसानों की परेशानी और बढ़ सकती है. स्थानीय किसान अब पानी के बढ़ते स्तर पर नजर रख रहे हैं.

मुख्य बाजार पहुंचने के लिए बदलना होगा रास्ता

बरबन्ना के समीप सड़क पर पानी चढ़ने के बाद तीन पंचायतों के लोगों के लिए दिघवारा मुख्य बाजार पहुंचने का सीधा रास्ता बंद हो गया है. अब लोगों को पट्टीपुल के रास्ते बाजार पहुंचना पड़ेगा. इससे लोगों को अतिरिक्त दूरी तय करनी होगी और आवागमन में परेशानी बढ़ने की आशंका है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By विकास कुमार

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >