वज्रगृह व मतगणना केंद्र की व्यवस्था हर हाल में होगी फुलप्रूफ

शहर के बाजार समिति के प्रांगण में बनाये जा रहे इवीएम वज्रगृह और मतगणना केंद्र से संबंधित कार्यों की मॉनीटरिंग प्रतिदिन जिला पदाधिकारी अमन समीर के स्तर पर की जा रही है.

छपरा. शहर के बाजार समिति के प्रांगण में बनाये जा रहे इवीएम वज्रगृह और मतगणना केंद्र से संबंधित कार्यों की मॉनीटरिंग प्रतिदिन जिला पदाधिकारी अमन समीर के स्तर पर की जा रही है. डीएम ने संबंधित पदाधिकारियों को वज्रगृह और मतगणना केंद्र की व्यवस्था को हर हाल में फुलप्रूफ बनाने का स्पष्ट निर्देश दिया है. जिलाधिकारी ने जिला स्तरीय पदाधिकारियों, नगर आयुक्त, छपरा एवम् भवन प्रमंडल, पुल निर्माण निगम के अभियंताओं को बाजार समिति का स्थलीय निरीक्षण करने का टास्क दिया है. परिसर में बड़ी संख्या में निजी वाहनों के अनाधिकृत आवागमन पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए, डीएम ने मुख्य प्रवेश द्वार तथा पीछे के प्रवेश द्वार पर ड्रॉप गेट लगाकर पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति करने का निर्देश दिया है. उन्होंने अनुमंडल पदाधिकारी, सदर को मतगणना प्रक्रिया की समाप्ति तक परिसर के अंदर निजी वाहनों का प्रवेश पूर्ण रूप से बंद करने और परिसर से संचालित अन्य गतिविधियों पर अस्थाई तौर पर रोक लगाने की हिदायत दी है. परिसर के जीर्णोद्धार और तैयारी के निर्देश

जिलाधिकारी ने संबंधित कार्यपालक अभियंताओं तथा नगर निगम को परिसर से जलजमाव को पूरी तरह हटाने, सभी प्रकार के मलबे को हटाने तथा सभी स्थलों का समतलीकरण करने के लिए आवश्यक निर्देश देते हुए, उक्त सभी कार्य जल्द से जल्द निश्चित रूप से संपन्न कराने पर बल दिया. जानकारी के अनुसार, मतदान के दिन मतदान के उपरांत इवीएम जमा करने के लिए बाजार समिति प्रांगण में विधानसभा वार रिसीविंग काउंटर बनाये जायेंगे. प्रत्येक रिसीविंग काउंटर के पास मतदान कर्मियों की प्रतीक्षा एवं विश्राम के लिए पर्याप्त जगह में पंडाल का भी निर्माण होना है. सुरक्षा बलों के रहने की व्यवस्था के साथ ही, प्रत्याशियों के प्रतिनिधियों के लिए विश्राम स्थल, प्रेक्षक कक्ष, आरओ कक्ष और मीडिया सेंटर आदि का भी निर्माण किया जाना है। मतगणना के लिए विधानसभा वार अलग-अलग मतगणना कक्ष तैयार किये जायेंगे. डीएम ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को शेष कार्यों को निर्धारित मानक के अनुरूप समय से पूरा करने का टास्क दिया और परिसर की साफ सफाई, पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था के संबंध में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा.

मतगणना स्थल पर तैनात रहेंगे पैरा मिलेट्री फोर्स के जवान

मतगणना स्थल पर पैरा मिलेट्री फोर्स के जवान तैनात रहेंगे, जबकि बाहर बिहार पुलिस के जवान और अधिकारी मौजूद रहेंगे. सुरक्षा व्यवस्था में समुचित संख्या में दरोगा और इंस्पेक्टर तथा पुलिसकर्मियों की तैनाती की जायेगी, जिसकी मॉनीटरिंग वरीय पदाधिकारी करेंगे। मतगणना स्थल पर किसी भी सामान्य व्यक्ति को प्रवेश की अनुमति नहीं होगी. केवल प्रत्याशियों और उनके एजेंटों को ही मतगणना हॉल तक जाने दिया जायेगा. मतगणना स्थल के आस-पास केवल प्रत्याशियों के वाहनों को आने-जाने की अनुमति होगी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By ALOK KUMAR

ALOK KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >