घर से जबरन ले जाकर किशोरी के साथ दुष्कर्म
छपरा(सारण) : जिले के मशरक थाना क्षेत्र के एक गांव के घर में सो रही किशोरी का अपहरण कर उसके साथ दुष्कर्म करने का मामला प्रकाश में आया है. इस संबंध में पीड़ित किशोरी के बयान पर महिला थाने में दो नामजद समेत पांच के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है और पुलिस इसकी जांच […]
छपरा(सारण) : जिले के मशरक थाना क्षेत्र के एक गांव के घर में सो रही किशोरी का अपहरण कर उसके साथ दुष्कर्म करने का मामला प्रकाश में आया है. इस संबंध में पीड़ित किशोरी के बयान पर महिला थाने में दो नामजद समेत पांच के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है और पुलिस इसकी जांच कर रही है.
महिला थानाध्यक्ष इंद्रा रानी ने बताया कि दो जून की रात को घर में किशोरी सो रही थी, तभी उसका अपहरण पांच लोगों ने कर लिया और मढ़ौरा के ईंट-भट्ठा पर ले जाकर 24 घंटे तक बंधक बनाकर रखा गया और किशोरी के साथ दुष्कर्म किया . इस बीच तीन जून शनिवार की रात को किशोरी को लाकर घर पर छोड़ कर दुष्कर्म करने वाला युवक फरार हो गया. घर पहुंची किशोरी ने परिजनों को घटना के बारे में विस्तार से जानकारी दी.
इसके बाद रविवार को महिला थाना में परिजन लेकर आये. महिला थानाध्यक्ष इंद्रा रानी ने बताया कि किशोरी का अपहरण पड़ोस के दो युवकों ने तीन अज्ञात लोगों के सहयोग से किया. दुष्कर्म एक युवक ने ही किया है लेकिन चार अन्य ने अपहरण करने तथा दुष्कर्म करने की घटना में सहयोग किया है. उन्होंने बताया कि किशोरी को न्यायालय में बयान दर्ज कराने के लिए भेजा जा रहा है और सदर अस्पताल में मेडिकल जांच कराया गया है.
उन्होंने बताया कि रात के अंधेरे में ले जाने के कारण मढ़ौरा के किस ईंट-भट्ठे पर घटना को अंजाम दिया गया है, यह स्पष्ट नहीं हो सका है. दुष्कर्म तथा अपहरण के मामले में दो नामजद तथा तीन अज्ञात के खिलाफ छापेमारी की जा रही है. आरोपितों को शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जायेगा. घर में सो रही किशोरी का अपहरण कर दुष्कर्म करने की घटना के बाद से उसके परिजनों में भय व दहशत का माहौल बना हुआ है. परिजन काफी डरे सहमें हुए हैं.
पीड़ित किशोरी की मां ने कहा कि अगर वह यज्ञ देखने नहीं जाती तो, शायद उसकी पुत्री के साथ दुष्कर्म की घटना नहीं होती. पीड़ित किशोरी की मां ने बताया कि उसकी पुत्री एक कमरे में सो रही थी और बगल के कमरे में उसकी पतोहू सो रही थी. जिसका लाभ उठाकर इस घटना को अंजाम दिया गया है. अपहरण कर किशोरी के साथ दुष्कर्म करने वाले फरार हो गए हैं. इस घटना के बाद से गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है हालांकि पुलिस के अनुसार स्थिति नियंत्रण में है. पुलिस इसकी जांच कर रही है और स्थिति पर नजर रख रही है.
क्या कहते हैं अधिकारी
पीड़ित किशोरी के बयान पर अपहरण कर दुष्कर्म करने की घटना की प्राथमिकी दर्ज कर लिया गया है और इसकी जांच की जा रही है. इस मामले में दो नामजद समेत पांच को आरोपित किया गया है.
इंद्रा रानी
थानाध्यक्ष
महिला थाना, छपरा, सारण
24 घंटे तक बनाये रखा ईंट भठ्ठा के कमरे में बंधक
महिला थाने में दो नामजद समेत पांच के खिलाफ प्राथमिकी