छपरा(नगर) : जिले का तापमान एक बार फिर अपने चरम पर पहुंच गया है. गरमी बरदाश्त से बाहर होते जा रही है. सूर्य से निकल रही तेज किरणों की ताप आग से कम नहीं है. कड़कड़ाती धूप में लोगों का घर से बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया है. भीषण गरमी ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है.
बाजारों और सड़कों पर दिन भर सन्नाटा पसरा रह रहा है. हालांकि मुश्किल परिस्थिति में भी लोग घर से बाहर तो निकल रहे हैं, पर ऊमस और बेचैनी से अपने रोजाना के कार्यों को निबटाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. इतनी तेज धूप में सड़कों पर खड़ा रहना काफी मुश्किल हो रहा है. सुबह नौ बजे से ही काफी तेज धूप निकल जा रही है, जिससे राहगीरों का चलना भी दूभर हो गया है. रविवार को दिन के 12 से चार बजे के बीच तापमान लगभग 42 डिग्री के पार हो गया.
दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा छाया रहा. प्रायः सभी बाजारों में ग्राहकों की भारी कमी देखी गयी. मौसम विभाग ने दो दिन पहले आंधी और बरसात को लेकर अलर्ट जारी किया था. हालांकि लोगों को भी बारिश होने की संभावना दिख रही थी पर प्रकृति ने अपना बेरहम रवैया जारी रखा और फिलहाल गरमी से राहत मिलना मुश्किल नजर आ रहा है.
