डोरीगंज (छपरा) : स्थानीय थाना क्षेत्र के एक बालू व्यवसायी से रंगदारी में पांच लाख रुपये की मांग को लेकर मारपीट करने तथा जान से मार दिये जाने की धमकी के संबंध में डोरीगंज थाने में पीड़ित व्यवसायी ने मारपीट व रंगदारी में पांच लाख रूपये की मांग करने के संबंध मे एक प्राथमिकी दर्ज करायी है. इस संबंध में चिरांद गांव निवासी मनोज कुमार चौधरी ने अमीर राय, धीरज राय, सेंलिग राय, कन्हैया राय तथा विशाल राय आदि समेत कुल पांच लोगो को आरोपित कर नामजद प्राथमिकी दर्ज करायी है.
दर्ज प्राथमिकी मे पीड़ित ने बताया है कि डोरीगंज स्थित महुआ घाट पर वह बालू का व्यवसाय करता है. जहां मंगलवार की दोपहर उक्त आरोपियो के द्वारा उससे पांच लाख रूपये की रंगदारी की मांग करते हुए उसके साथ मारपीट की गयी तथा नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दिया गया. इस संबंध में थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार राय ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है.
