छपरा(कोर्ट) : दो वर्ष तक प्यार फिर शादी और चौथे वर्ष में पेट्रोल छिड़क कर पत्नी को जलाने वाले पति को मुंबई पुलिस ने छपरा से गिरफ्तार कर सीजेएम न्यायालय में प्रस्तुत किया. सीजेएम किशोरी लाल ने आरोपित पति को चार दिनों के ट्रांजिट रिमांड पर मुंबई पुलिस को सौंप दिया है. घटना ठाणे जिला की है,
जहां एक युवक ने अपनी पत्नी को सरेआम जला कर उसकी हत्या का प्रयास किया और फरार हो गया. आरोपित पति को गिरफ्तार करने मुंबई के ठाणे जिला से आयी चार सदस्यीय पुलिस टीम के अधिकारी गणेश किशोर तोरगल ने बताया कि आरोपित संतोष कुमार सिंह उर्फ दीवाना विहार के बांका के चरिया गांव का रहने वाला है जो ठाणे के उल्लासपुर नंबर तीन में एक गैराज में मैकेनिक का काम करता था, जहां उसको वहीं की लड़की से प्रेम हो गया, जो पास के ब्लूबेरी लॉज में सफाई का कार्य करती थी .
दो वर्ष तक प्रेम के बाद दोनों ने शादी कर ली. दोनों की शादी के दो वर्ष बीते भी नहीं कि आपस में झगड़ा होने लगा. आठ मई की शाम साढ़े 5 बजे शम्मी रोज की तरह लॉज की सफाई करने जा रही थी , वह लिफ्ट में चढ़ ही रही थी कि संतोष ने एक बोतल में रखे पेट्रोल को उसके ऊपर फेंक माचिस जला कर आग लगा दिया और वहां से फरार हो गया. आसपास के लोगो ने शम्मी का आग बुझाया और उसे सेंट्रल अस्पताल उल्लास नगर में भरती करवाया जहां वह 80 फीसदी जली जीवन और मृत्यु से जंग लड़ रही है. जख्मी हालत में ही उसने अपने पति संतोष उर्फ दीवाना को आरोपित बनाते हुए सेंट्रल थाना कांड संख्या 124/17 में प्राथमिकी दर्ज करायी है. पुलिस संतोष को ढूंढते हुए बांका गयी, परंतु वहां कोई सुराग नहीं मिला, लेकिन उसके एक दोस्त जिससे उसने अपने नए मोबाइल से बात किया था को जब सर्विलांस पर लिया गया और उसके टावर लोकेशन से ज्ञात हुआ कि वह छपरा में छिपा हुआ है . जब वे लोग उसके दोस्त को लेकर छपरा जंकशन पर पहुंचे और उसका लोकेशन देखा तो स्टेशन के बाहर चौक का बता रहा था.
