दाउदपुर (मांझी) : डाक अवर निरीक्षक आमोद कुमार सिन्हा ने दाउदपुर डाकघर का औचक निरीक्षण किया. जहां अधिकारी को देख दर्जनों ग्राहकों ने डाककर्मियों की कार्यशैली तथा जमा निकासी की समस्या से अवगत कराया. लोगों ने संयुक्त रूप से निरीक्षक को बताते हुए कहा कि प्रतिमाह विभिन्न योजनाओ के पेंशन का भुगतान समय से नहीं किया जाता. वहीं ग्राहकों ने अपनी-अपनी समस्या जो महीनों से डाककर्मी लंबित किये है उनका समाधान नहीं किया जाता है. इस संबंध में निरीक्षक आमोद कुमार ने बताया कि नोट बंदी के बाद कैश की समस्या विभाग से चल रहा है. जिसे जल्द ही समाधान किया जायेगा. गुरुवार को जैसे ही निरीक्षक डाकघर पहुंचे, तो डाकपाल व उप डाकपाल दिन के बारह बजे तक उपस्थित नहीं थे.
निरीक्षक ने जब डाकपाल के मोबाइल पर संपर्क किया, तो डाकपाल ने बताया कि जिला से कैश लेने गये हैं. इस बीच कई कागजातों का सघन जांच किया गया. निरीक्षक के समझाने-बुझाने पर ग्राहक शांत हुए. शिकायत करने वालों में प्रेम लता सिन्हा का कहना था कि दो माह से पासबुक अपडेट करने के लिए चक्कर लगा रहे हैं. लालबाबू महतो ने कहा कि घर में शादी का दिन नजदीक है और डाकघर कर्मी पैसे का भुगतान नहीं कर रहा है. वहीं राजकुमार प्रसाद ने कहा कि एक सप्ताह पूर्व पेंशन के लिए फार्म दिया गया लेकिन प्रतिदिन ग्राहक घंटो इंतजार के बाद बैरंग घर लौट जा रहे हैं.
