अमनौर : टेप कांड का खुलासा हो गया है कि बिहार सरकार की कमान लालू प्रसाद व कुख्यात अपराधियों के इशारे पर चल रही है. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार लाचार एवं असहाय हो गये हैं.
यहां शासन-प्रशासन जेल के अंदर से संचालित हो रहा है. उक्त बातें अमनौर स्थित अपने पैतृक आवास पर प्रेस वार्ता में स्थानीय सांसद व केंद्रीय मंत्री राजीव प्रताप रूडी ने कही. उन्होंने कहा कि लालू प्रसाद व जेल में बंद सीवान के पूर्व सांसद मो शहाबुद्दीन के बीच की गयी बातें इसका जीता-जागता उदाहरण है. बिहार में हत्या, लूट, रंगदारी व भ्रष्टाचार चरम पर है. मंत्री रूडी ने कहा कि जेल के अंदर से कई संगीन मामले के आरोपित सीवान के पूर्व सांसद शहाबूद्दीन व लालू प्रसाद के बीच टेलीफोन से की गयी वार्ता बिहार के भविष्य ले लिए अशुभ संकेत है.
केन्द्र सरकार युवा बेरोजगारों को रोजगार व शिक्षा के क्षेत्र में तेजी से कदम बढ़ा रही है. सड़क , बिजली, स्वच्छ पेयजल व स्तरीय व्यवस्था को आम नागरिकों के घर-घर पहुंचाने को लेकर दृढ संकल्पित है. इसके पूर्व केन्द्रीय मंत्री रूडी ने विभिन्न गांवों से आये फरियादियों से समस्याओं की जानकारी लेते हुए समाधान का आश्वासन दिया. उक्त मौके पर भाजपा नेता राकेश सिंह,संजीव सिंह, पूर्व मुखिया अनिल सिंह,बलिराम तिवारी, निरंजन शर्मा आदि दर्जनों कार्यकर्ता उपस्थित थे.
मशरक. छपरा-थावे वाया मशरक रेलखंड के लोकार्पण के बाद थावे से स्पेशल ट्रेन से मशरक पहुंचे भारत सरकार के कौशल विकास एवं उद्यमिता राज्य मंत्री राजीव प्रताप रूडी एवं महाराजगंज सांसद जनार्दन सिंह सीग्रीवाल का भव्य स्वागत हुआ. प्रखंड मुखिया संघ के अध्यक्ष प्रतिनिधि अमर सिंह के नेतृत्व में सैकड़ों की भीड़ ने स्वागत करते हुए यात्री सुविधा को लेकर कई मांगों से संबंधित पत्र दिया. जिसमें सवारी गाड़ियों के समय परिवर्तित , गाड़ी की संख्या बढाने, मशरक जंकशन पर शौचालय,पेयजल,यात्री शेड,प्रतीक्षालय एवं संपर्क पथ का निर्माण कराने की मांग प्रमुखता से रखी गयी. मंत्री एवं सांसद ने भीड़ को संबोधित करते हुए आश्वस्त किया की सभी मांगे यात्री हित में है.
इसे पूरा कराने का शीघ्र प्रयास होगा. स्वागत करने वालों में अमर सिंह के साथ बड़ा बाबू , शुभ नारायण सिंह , मुकेश सिंह , त्रिभुवन तिवारी ,डॉ परमार, पप्पू सहनी, पंकज सिंह, डीसी गुप्ता, भागीरथ प्रसाद, रंजन सोनी सहित अन्य शामिल हुए. इस मौके पर स्टेशन अधीक्षक दिनेश्वर राय, आरपीएफ प्रभारी सुशील सिंह एवं बुकिंग इंचार्ज शशिभूषण तिवारी ने भी रेलकर्मी के साथ मंत्री का स्वागत किया.
