गरमी ने बढ़ायीं मुश्किलें पारा 38 डिग्री के पार

छपरा(नगर) : शहर का तापमान इन दिनों चरम पर है. दिन में निकल रही तेज धूप और उमस के कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. सुबह सात बजे से ही तेज धूप निकल जा रही है जिससे जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो जा रहा है. मंगलवार को शहर का तापमान […]

छपरा(नगर) : शहर का तापमान इन दिनों चरम पर है. दिन में निकल रही तेज धूप और उमस के कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. सुबह सात बजे से ही तेज धूप निकल जा रही है जिससे जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो जा रहा है. मंगलवार को शहर का तापमान 38 डिग्री के पार हो गया . तापमान के बढ़ जाने से लोगों की दिनचर्या पर भी काफी असर पड़ा है. गरमी बढ़ते ही शहर में जारी विद्युत सप्लाई में भी कटौती की जाने लगी है जिससे लोगों के लिए गरमी से निबटना मुश्किल हो रहा है.

11 बजते ही सड़कें हो जा रही सुनसान : दिन के 11 बजते ही तापमान अपने उच्चतम स्तर पर आ जा रहा है. कड़क धूप के चलते लोग अपने ज्यादातर काम सुबह में ही निबटा ले रहे हैं. शहर के अधिकतर गली-मोहल्लों की सड़क पर सन्नाटा छाया रहता है. हालांकि 3 दिनों की छुट्टी के बाद मंगलवार को सरकारी कार्यालय एवं विद्यालय खुलने से शहर में दिन के 1 बजे तक काफी चहल-पहल देखी गई. लोग अपने-अपने रुके हुए कार्यों के निपटारे के लिए विभागीय कार्यालय पहुंच रहे थे. हालांकि दोपहर 2 बजे गरमी अपने प्रचंड रूप में चली गयी, जिस कारण लोग जल्दी-जल्दी अपने कार्यों का निबटारा कर घर जाने की शीघ्रता में दिखे.
गरमी की सर्वाधिक पीड़ा स्कूल-कॉलेज जाने वाले छात्र-छात्राओं में देखी जा रही है. हालांकि अधिकतर स्कूल-कॉलेज मॉर्निंग सत्र में चल रहे हैं, पर छुट्टी के समय आसमान में कड़कती धूप इन छात्रों के लिए मुसीबत बना हुआ है. छात्र-छात्राएं दिन के एक बजे अपनी पढ़ाई पूरी कर जब कॉलेज से निकल रहे हैं, तो उन्हें गरमी और धूप का सामना करना पड़ रहा है. कई छात्रों ने तो धूप से बचने के लिए छाते का प्रयोग करना शुरू कर दिया है. वहीं बढ़ती गरमी के कारण स्कूल जाने वाले छोटे बच्चों की संख्या में भी काफी कमी आयी है.
बाजारों में भी कम हुई रौनक : इस गरमी का असर आम जनजीवन के साथ-साथ शहर के प्रमुख बाजारों में भी देखने को मिल रहा है. दिन के 12 से 4 बजे तक शहर के हथुआ मार्केट, साहेबगंज,सरकारी बाजार, मौना चौक, गुदरी जैसे प्रमुख बाजारों में ग्राहकों की कमी देखी जा रही है. हालांकि लगन का महीना होने के कारण शादी-ब्याह वाले घरों की खरीदारी दिन में भी जारी है पर दुकानों के रेगुलर कस्टमर अपनी खरीदारी शाम के समय में ही करना मुनासिब समझ रहे हैं. मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि तामपान अगले एक सप्ताह तक यथावत रहेगा. लोगों को फिलहाल गर्मी और उमस से राहत मिलने की कोई सम्भावना नही है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >