सीवान/छपरा : रेलमंत्री सुरेश प्रभु को सोमवार को पटना होते हुए छपरा कहचरी स्टेशन पहुंचना था, लेकिन रेलमंत्री के छपरा आने का कार्यक्रम अपरिहार्य कारणों से रद्द हो गया है. अब रेलमंत्री दिल्ली से ही मशरक-थावे रेलखंड पर सवारी गाड़ी को हरी झंडी दिखा कर उद्घाटन करेंगे. इसके साथ ही छपरा कहचरी स्टेशन पर आरओबी, वाई-फाई सेवा, इंटीग्रेटेड सिक्यूरिटी सिस्टम का उद्घाटन करेंगे. इसके साथ ही छपरा स्टेशन के दूसरे प्रवेश द्वारा का शिलान्यास भी करेंगे.
इसके साथ ही समस्तीपुर-दरभंगा डबल रेलवे लाइन का उद्घाटन और पलामू रेलखंड पर तीसरे रेलवे लाइन का शिलान्यास करेंगे. पूर्व मध्य रेल के सीपीआरओ अरविंद कुमार रजक ने बताया कि रेलमंत्री के कार्यक्रम में अचानक बदलाव किया गया है, लेकिन कार्यक्रम निर्धारित समय पर ही होगा. छपरा कहचरी स्टेशन पर स्थानीय रेल अधिकारी उपस्थित रहेगी, जबिक पूमरे के जीएम हाजीपुर में होने वाले कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे. अचानक रेल मंत्री का कार्यक्रम स्थगित कर दिये जानें से रेलवे प्रशासन की मेहनत पर पानी फिर गया है. इसके पहले 31 मार्च को यह कार्यक्रम होना था.
