दाउदपुर(मांझी) : फौजी को ड्यूटी पर जाने के लिए ट्रेन पकड़वाने जाने के दौरान पिकअप वाहन के ठोकर से मोटर साइकिल पर सवार दो लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गये. जिसमें से एक की मौत हो गयी. घटना शुक्रवार की अहले सुबह छपरा-सीवान मुख्य मार्ग के टेकनिवास बाजार के देवरिया गांव के पानी टंकी के समीप की है.
घटना के बाद घायलों को स्थानीय पुलिस व ग्रामीणों के सहयोग से इलाज के लिए छपरा सदर अस्पताल भेजा गया. जिसमें से एक युवक की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सक ने पटना रेफर कर दिया. पटना जाने के क्रम में एक की मौत हो गयी. वहीं दूसरे को आर्मी अस्पताल दानापुर रेफर किया गया है. प्राप्त जानकारी के अनुसार दाउदपुर थाना क्षेत्र के बगोइया गांव निवासी श्री भगवान सिंह का फौजी पुत्र अरविंद को असम के गुवाहटी जाने के लिए गांव का धुरंधर ठाकुर का पुत्र बिट्टू कुमार मोटर साइकिल से एकमा अवध-असम ट्रेन पकड़वाने पहुंचा.
जहां दोनों के पहुंचते ही ट्रेन छपरा के लिए प्रस्थान कर चुकी थी. जिसे पकड़ने के लिए अरविंद और बिट्टू दोनों एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर छपरा के लिए चल पड़े. तभी टेकनिवास के पानी टंकी के समीप सामने से आ रही पिकअप वाहन के ठोकर से जख्मी हो गये और बिट्टू पटना जाने के दौरान दम तोड़ दिया. इस घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया. पीड़ित परिजनों में अचानक बिटू के मौत की खबर सुन मृतक की माता सिया देवी,दादी फूल सुन्दर कुंअर दहाड़ मार कर विलाप कर रही थी. पीड़ितो की चीख पुकार सुन आस-पड़ोस के सभी लोगों ने सांत्वना दिया. इस घटना से पूरे गांव में मातम का माहौल बना है. 20 वर्षीय बिट्टू चार भाइयों में बड़ा था.
परिजनों का कहना था कि बिट्टू दाउदपुर के नंदलाल सिंह महाविद्यालय का बीए पार्ट वन का छात्र था. पढ़ने में काफी तेज और होनहार युवक था. घटना के बाद पिकअप वैन को पुलिस ने जब्त कर लिया है तथा चालक मुकेश मांझी को गिरफ्तार कर लिया गया है.
