बालू से लदा था ट्रक, मची अफरा-तफरी
डोरीगंज (छपरा) : छपरा-पटना मुख्यमार्ग पर शेरपुर गेट के समीप बालू लदी एक ट्रक के अचानक खाई में पलटने से अफरा-तफरी मच गयी. घटना गुरुवार की सुबह 4 बजे की बतायी जाती है. जिसके दौरान चालक व खलासी जख्मी हो इस दौरान हादसे में बाल-बाल बचे. ड्राइवर व खलासी को प्रातः मार्निंग वाक पर निकले कुछ स्थानीय युवकों के द्वारा गाड़ी के शीशे को तोड़ बाहर निकाला गया और प्राथमिक उपचार करायी गयी.
बताया जाता है कि ट्रक डोरीगंज से बालू लोड कर छपरा की तरफ जा रही थी, इसी बीच मुख्यमार्ग स्थित शेरपुर गेट के समीप वर्षों से ध्वस्त पुलिया की रेलिंग के पास साइड लेने के चक्कर में ट्रक एकाएक नीचे खाई में जा गिरी, जिसमें चालक व खलासी स्टेरिंग में फंस गये. जिनको शीशा तोड़ स्थानीय युवकों ने बाहर निकाला. स्थानीय लोगों के मुताबिक पिछले कई वर्षों से पुलिया का रेलिंग ध्वस्त है. जिस कारण आये दिन इसमें बड़े छोटे हादसों का शिकार होते रहते है. लोगों की माने, तो इस दरम्यान कई ऐसी घटनाएं हो चुकी है, जिसमें लोग बुरी तरह जख्मी हुए हैं.
