हत्या के विरोध में एसएच 73 पर लगा रहा घंटों जाम
तरैया : थाना क्षेत्र के नेवारी गांव में शराबी पति द्वारा दाब से काट कर पत्नी की हत्या किये जाने के बाद आक्रोशित ग्रामीण व महिलाएं सड़क पर उतर आये और नेवारी बाजार के सामने एसएच 73 को जाम कर यातायात अवरुद्ध कर दिया. महिलाएं दारू व शराब बिक्री पर पुलिस द्वारा रोक नहीं लगाने का आरोप लगा रही थीं. इस कार्य में अप्रत्यक्ष रूप से पुलिस को दोषी माना जा रहा था. सड़क जाम की सूचना पर तरैया थानाध्यक्ष अजय कुमार पासवान पहुंच लोगों को समझा शांत कराने का प्रयास किये पर उन्हें सफलता हाथ नहीं लगी. तत्काल मढ़ौरा एएसपी अशोक कुमार सिंह ने दल-बल के साथ पहुंच स्थिति का जायजा लिया.
महिलाओं ने उन्हें घेर अपना विरोध जताया तथा कहा कि शराब बिक्री के कारण ही शराबी पति द्वारा उक्त घटना को अंजाम दिया गया है. ग्रामीणों ने एएसपी की भी एक न सुनी.लोग एसपी सारण को बुलाने की मांग पर अड़े थे. इसके बाद करीब एक घंटा बाद सारण एसपी अनसुईया रणसिंह साहू पहुंची. एसपी के पहुंचते ही लोग पुलिस के खिलाफ नारा लगाने लगे. एसपी ने लोगों से सड़क जाम हटाने की अपील की, पर वे अपनी मांगों पर अड़े रहे. इस पर गुस्साएं पुलिस जवानों व एसएसबी के
जवानों ने लाठियां चटकाईं और
प्रदर्शन कर रहे लोगों को खदेड़ कर जाम हटाया. उसके बाद करीब
तीन घंटे बाद यातायात बहाल हो
सका. इस दौरान नेवारी बाजार की सभी दुकानें बंद थीं. जाम के कारण तरैया बाजार में सीवान,गोपालगंज
से पटना जानेवाली सवारी गाड़ियां
व ट्रकों की लंबी कतार लग गयी. तरैया में घंटों महाजाम की स्थिति
बनी रही.
