सेवानिवृत्त कर्मचारी से लिये थे 11 हजार
छपरा : जिला मलेरिया कार्यालय के लिपिक सुनील कुमार को निगरानी विभाग की टीम ने सेवानिवृत्त स्वास्थ्य कर्मचारी से रिश्वत लेते हुए गुरुवार की शाम गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार लिपिक के पास से निगरानी की टीम ने 11 हजार रुपये बरामद किया है. लिपिक सेवानिवृत्त कर्मचारी से 20 हजार रुपये रिश्वत की मांग कर रहा था और नहीं देने के कारण सेवानिवृत्ति लाभ और पेंशन का भुगतान लंबित रखा. सेवानिवृत्त कर्मचारी सुरेश साह ने निगरानी विभाग से इसकी शिकायत की थी. निगरानी की टीम ने जांच की तो शिकायत को सही पाया. इसके बाद निगरानी के पुलिस निरीक्षक के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया. गठित टीम ने गुरुवार को पहले से ही जाल बिछा दिया. शाम को जब सेवानिवृत्त स्वास्थ्य
घूस लेते मलेरिया विभाग…
कर्मचारी ने लिपिक को जाकर रुपये दिये तो वहां पर पहले से मौजूद निगरानी की टीम ने मलेरिया विभाग के लिपिक सुनील कुमार को गिरफ्तार कर लिया.
सुनील कुमार वर्तमान में फाइलेरिया विभाग में प्रतिनियुक्त था और मलेरिया विभाग का भी काम काज देखता था. टीम गिरफ्तार लिपिक को अपने साथ लेकर पटना चली गयी. इस वर्ष जिले में निगरानी की छापेमारी का यह पहला मामला है. छह माह पहले सदर प्रखंड के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के हेल्थ मैनेजर विकास कुमार को निगरानी विभाग की टीम ने पांच हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार किया था. तीन माह पहले एकमा अंचल के नाजिर राहुल कुमार को सेवानिवृत्त चौकीदार रामप्रवेश यादव से रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया था.
