कार्रवाई. जलालपुर में चावल के गोदाम से 28 पेटी विदेशी शराब बरामद
होली आते ही शराब की तस्करों की सक्रियता बढ़ गयी है. वहीं शराब के धंधे पर लगाम लगाने के लिए प्रशासन ने भी कमर कस ली है. रेलवे सुरक्षा बल ने जंकशन पर अभियान चलाया. इस दौरान करीब 218 बोतल विदेशी शराब बरामद किया. वहीं जलालपुर के सवरी गांव में पुलिस की टीम ने जन वितरण दुकानदार के गोदाम में छापेमारी करते हुए भारी मात्रा में विदेशी शराब जब्त किया.
छपरा (सारण) : होली के अवसर पर यूपी से तस्करी बिहार में शराब लाने वालों के खिलाफ राजकीय रेलवे पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल ने सयुंक्त अभियान बुधवार की रात चलाया. इस दौरान करीब 218 बोतल विदेशी शराब बरामद किया. अभियान का नेतृत्व रेल पुलिस उपाधीक्षक डॉ अखिलेश कुमार ने किया. इस अभियान में छपरा जंकशन रेल थानाध्यक्ष अरविंद कुमार मिश्रा, रेलवे सुरक्षा बल के प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार सिन्हा आदि ने भाग लिया.
रेल पुलिस अधीक्षक बीएन झा के निर्देश पर यूपी से बिहार आने वाली ट्रेनों में छपरा जंकशन और सीवान जंकशन पर एक साथ जांच अभियान चलाया गया. छपरा जंकशन पर अंबाला से मुजफ्फरपुर जाने वाली हरिहरनाथ एक्सप्रेस ट्रेन से 154 बोतल विदेशी शराब बरामद किया गया. बरामद शराब हरियाणा का निर्मित है. शराब को हरिहरनाथ एक्सप्रेस ट्रेन के जेनरल कोच से लावारिस हालत में बरामद किया गया. सीवान जंकशन पर भी जीआरपी ने जांच के दौरान डाउन शहीद एक्सप्रेस ट्रेन से 64 बोतल विदेशी शराब बरामद की. दउरा में रखकर ला रहे हैं शराब : उत्तर प्रदेश से बिहार में मिठाई तथा फल के अंदर दउरा में रखकर शराब लाया जा रहा है. शादी विवाह का मौसम चल रहा है. इस समय दुल्हन की विदायी में पारंपरिक सौगात के रूप में दउरा में फल व मिठाई दी जाती है. तस्करों के द्वारा दउरा में मिठाई व फल के नीचे शराब भी लाये जाने की सूचना है. यूपी से बिहार दउरा में मिठाई व फल लेकर सफर करने वालों पर कड़ी नजर रखी जा रही है.
क्या कहते हैं अधिकारी
यूपी से बिहार आने वाली सभी ट्रेनों में राजकीय रेलवे पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल की ओर से संयुक्त अभियान चलाया जा रहा है. होली करीब होने के कारण यूपी से तस्करी कर शराब लायी जा रही है.
डॉ अखिलेश कुमार, रेल पुलिस उपाधीक्षक, सोनपुर
