छपरा (सदर) : भारतीय खाद्य निगम का सारण मुख्यालय स्थित क्षेत्रीय कार्यालय अब हाजीपुर में स्थानांतरित नहीं होगा. केंद्रीय मंत्री सह स्थानीय सांसद राजीव प्रताप रूडी ने केंद्र सरकार के खाद्य आपूर्ति मंत्री के साथ वार्ता करने के बाद यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि 1992 में सारण जिला मुख्यालय में यह कार्यालय खुला था.
जिसमें सारण, सीवान, गोपालगंज, वैशाली जिले शामिल हैं, जहां भारतीय खाद्य निगम के खाद्यन्न के आयात एवं वितरण के कार्यों के निष्पादन एवं मॉनीटिरिंग का कार्य होता है. मालूम हो कि 29 नवंबर 2016 को केंद्रीय उपभोक्ता वितरण मंत्रालय से निर्गत पत्र के आलोक में भारतीय खाद्य निगम के क्षेत्रीय कार्यालय के हाजीपुर स्थानांतरण की बात चल रही थी. चूंकि छपरा जिला मुख्यालय, प्रमंडलीय मुख्यालय है. फलत: यहां से कार्यालय को हटाये जाने का विरोध महाराजगंज के सांसद जनार्दन सीग्रीवाल, सीवान सांसद ओमप्रकाश यादव, गोपालगंज सांसद जनक राम, छपरा के विधायक सीएन गुप्ता, विधान पार्षद इं. सच्चिदानंद राय ने भी किया था.
