aछात्रों के हित को बताया सर्वोपरि
हर महीने होगी एकेडमिक काउंसिल की बैठक
कॉलेजों में नही लगेंगे किसी भी प्रकार के विलंब शुल्क
अगली बैठक में होगी लंबित परीक्षाओं से संबंधित घोषणा
छपरा (नगर) : जयप्रकाश विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो हरिकेश सिंह ने विवि प्रशासन को महत्वपूर्ण निर्णयों का जिम्मेवारी पूर्वक पालन करने की हिदायत देते हुए शैक्षणिक व्यवस्था को जल्द से जल्द व्यवस्थित करने के संबंध में कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए हैं. साथ ही छात्रों के हित को ध्यान में रखते हुए हर महीने एकेडमिक काउंसिल की बैठक आयोजित कराने तथा पीजी में नामांकन कराने से वंचित रह गये छात्रों को एक और मौका देने की बात कही है.
अपने कार्यालय में आयोजित एक प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय के किसी भी संबद्ध तथा अंगीभूत कॉलेजों में छात्रों से नामांकन या पंजीयन के नाम पर विलंब दंड शुल्क नहीं लिया जायेगा. साथ ही अब नामांकन के 90 दिनों के अंदर छात्रों को रजिस्ट्रेशन करा लेना होगा. उन्होंने बताया कि शिक्षण व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिये कॉलेजों में नियुक्त शिक्षकों को स्थायी रूप से नियुक्त किया जायेगा. विवि के देखरेख में गठित एक औपचारिक चयन समिति इस सन्दर्भ में समीक्षा कर 19 अप्रैल 2007 तक के नियुक्त शिक्षकों को स्थाई रूप से नियुक्त करेगी.
इस संबंध में 31 मार्च तक सभी महाविद्यालयों को विवि द्वारा सूचित कर दिया जाएगा. इसके साथ ही जिन विभागों में अभी पठन-पाठन की व्यवस्था ठप पड़ी है उसे भी शुरू कराने का फैसला ले लिया गया है. संगीत, समाजशास्त्र, पर्शियन, अरेबिक के विभागों को जल्द ही व्यवस्थित कर लिया जायेगा.
हाजिरी खुद कुलपति लेंगे : अब जेपीयू प्रशासन के सभी पदाधिकारियों की हाजिरी खुद कुलपति लेंगे. इसके लिए उन्होंने नया प्रारूप भी तैयार कर लिया है. इसके साथ ही विभिन्न महाविद्यालय के अध्यापकों को भी हर महीने छात्रों की उपस्थिति का ब्यौरा कुलपति के पास देना होगा.
जेपीयू से जुड़े सभी अधिकारी, प्राध्यापक, विभागाध्यक्ष और कर्मचारिओं को अब अनिवार्य रूप से आईकार्ड लगाकर आना होगा और छात्रों को नियमित क्लास करने के प्रति जागरूक करना होगा.
स्नातकोत्तर में रिक्त सीटों को पूरा करने की कोशिश
कुलपति ने कहा कि इस बात की पूरी कोशिश की जा रही है कि स्नातकोत्तर में जो सीट रिक्त रह गए हैं उसे पूरा कर लिया जाए. इसके लिए नामांकन से वंचित रह गए छात्रों को एक और मौका दिया जाएगा. इस सन्दर्भ में विवि प्रशासन 28 फरवरी तक होमवर्क कर लेगा और रिक्त सीटों को मेरिट के आधार पर नामांकन दिया जाएगा.
उन्होंने बताया कि पीजी सेमेस्टर की परीक्षाओं में किसी एक विषय में अनुतीर्ण होने वाले छात्रों को फिर से सभी विषयों की परीक्षा नही देनी होगी, बल्कि सिर्फ एक विषय की परीक्षा ही दोबारा दी जा सकेगी. उन्होंने बताया कि राजभवन से सेमेस्टर सिस्टम से सम्बंधित एक प्रारूप आया है जिसे स्वीकार कर लिया गया है और उसके आलोक में परिवर्तित कर समावेशित कर लिया जाएगा.
विकास के िलए बैठक में लिये गये महत्वपूर्ण निर्णय
हर महीने होगी एकेडमिक काउंसिल की बैठक
शिक्षकों की होगी स्थाई नियुक्ति
बंद पड़े विभागों में शुरू होगी पढाई
अब छात्रों को नही देना होगा कोई भी बिलंब दंड
नामांकन के 90 दिनों के भीतर कराना होगा पंजीयन
ज्यादा दिन तक अनुपस्थित रहने वाले छात्रों को देना होगा मेडिकल सर्टिफिकेट
15 दिन तक लगातार कॉलेज नही आने वाले छात्रों का नामांकन होगा रद्द
शुरू होंगी ये नई सुविधाएं
कैम्पस में बनेगा वीमेन्स स्टडी सेंटर
राजेंद्र प्रसाद विधि संस्थान की होगी स्थापना
जारी होगा एकेडमिक कैलेंडर
छात्रों को मिलेगी सैन्य विज्ञान की शिक्षा
विवि में बनेगा जयप्रकाश नारायण लोक सुशासन और सामाज निर्माण संस्थान
ग्रीन जोन में तब्दील होगा जेपीयू कैम्पस
