विरोध. राशि वितरण में हो रहे विलंब के खिलाफ सड़क पर उतरे ग्रामीण
दिघवारा : आखिरकार नगर पंचायत के कई वार्डों के सैकड़ों बाढ़पीड़ित परिवारों का सब्र टूट ही गया और बाढ़ राहत राशि की प्राप्ति के लिए पीड़ित परिवारों को आंदोलन का सहारा लेकर सड़क पर उतरते हुए अपने आक्रोश का इजहार करना पड़ा.जी हां,नगर पंचायत के चार वार्डों के सैकड़ों बाढ़ पीड़ित परिवारों के लोग बाढ़ राहत राशि मिलने में हो रहे विलंब के खिलाफ सोमवार को सड़क पर उतर आये और छपरा-पटना मुख्य सड़क मार्ग को थाना क्षेत्र के 17 नंबर रेलवे ढाला व सैदपुर गांव के समीप जाम करते हुए प्रशासन विरोधी नारे लगाये और बाढ़ राहत राशि के वितरण में नगर वासियों के खिलाफ प्रशासन द्वारा उपेक्षित व्यवहार करने का आरोप लगाया.
सुबह के 8 बजे सड़क पर उतरे वार्ड 1,2,3 व 4 के सैकड़ों आक्रोशित बाढ़ पीड़ितों ने कहा कि प्रशासन द्वारा कई पंचायतों में बाढ़ राहत की राशि का वितरण होना शुरू हो गया है, मगर अब तक सीओ व अन्य पदाधिकारियों की लापरवाही के कारण बाढ़पीड़ित वार्डों के प्रभावित लोगों तक राहत राशि नहीं पहुंच सकी है, जिसके बाद पीड़ित लोगों को बाध्य होकर राशि की प्राप्ति के लिए सड़क जाम करना पड़ा. आक्रोशित लोग सड़क पर ट्रक व अन्य वाहनों को खड़ा कर अपने गुस्से का इजहार करते हुए यातायात व्यवस्था को पूर्ण बाधित कर जाम स्थल पर सोनपुर एसडीओ समेत अन्य पदाधिकारियों को बुलाने की मांग कर रहे थे.
प्रशासन द्वारा उनलोगों को अब तक बाढ़ राहत राशि उपलब्ध नहीं करायी गयी है जिससे लोग परेशानियों के बीच जी रहे हैं. बाद में दिघवारा थानाध्यक्ष सतीश कुमार ने जामस्थल पर पहुंच कर आक्रोशित लोगों को समझाया और जाम पर अड़े लोगों को सोनपुर एसडीओ मदन कुमार से मोबाइल पर बात कराया जिसमें एसडीओ कुमार ने पीड़ित लोगों को इस महीने के अंत तक राहत राशि उपलब्ध कराने का भरोसा दिया जिसके बाद सड़क जाम हट सका और लगभग दो घंटों बाद वाहनों का परिचालन शुरू हो सका.
