हादसा. आक्रोशित भीड़ ने छपरा-पटना मुख्य मार्ग को घंटों रखा जाम
जिले में अलग-अलग सड़क हादसों में चार लोगों की मौत हो गयी. डोरीगंज में एक अनियंत्रित ट्रक की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गयी. वहीं परसा-शीतलपुर मुख्य मार्ग पर सड़क हादसे में दो लोगों की जान चली गयी.रसूलपुर-भजौना पथ पर भी अनियंत्रित वाहन ने दो वर्षीया बच्ची को कुचल दिया.
दिघवारा/डोरीगंज (छपरा) : छपरा-पटना मुख्य सड़क मार्ग पर डोरीगंज थाना क्षेत्र के इस्माइलपुर गांव के समीप गुरुवार की सुबह अनियंत्रित ट्रक की चपेट में आने से एक ही बाइक पर सवार तीन युवकों में एक ही मौके पर ही मौत हो गयी जबकि दो अन्य घायल हो गये.मृतक की पहचान दिघवारा थाना क्षेत्र के बस्तीजलाल निवासी सुरेश राय का 19 वर्षीय पुत्र आमोद कुमार के रूप में हुई है, वहीं घायल युवक इसी गांव के मनोज राय के पुत्र बबलू कुमार(17 साल) और भरत साह का पुत्र अमित कुमार(16 साल) बताया जाता है.
घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने छपरा पटना मुख्य सड़क मार्ग को घटनास्थल पर ही लगभग ढाइ घंटों तक जाम कर वाहनों के परिचालन को पूर्णतः अवरुद्ध रखा.मिली जानकारी के मुताबिक गुरुवार को आमोद अपने चचेरे भाई बबलू व पड़ोसी अमित को इंटर की परीक्षा दिलाने छपरा के बाबू भुवनेश्वर सिंह डिग्री कॉलेज ले जा रहा था. बाइक बबलू चला रहा था जबकि आमोद व अमित साथ बैठा था. मगर जैसे ही बाइक पर सवार तीनों युवक इस्माईलपुर गांव के समीप पहुंचे तो छपरा से दिघवारा की ओर आ रही 14 चक्का अनियंत्रित ट्रक ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया, जिसके बाद आमोद ट्रक की ओर गिर पड़ा और ट्रक के पिछले चक्के से कुचलने से उसकी मौके पर ही मौत हो गयी, वही बाइक चालक बबलू का पैर टूट गया एवं अमित को हल्की चोटें आयी.
घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने सुबह साढ़े सात बजे छपरा पटना सड़क मार्ग को जाम करते हुए मृतक के परिजनों को उचित सरकारी सहायता की मांग करने लगे. लगभग ढाइ घंटे बाद डोरीगंज थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार राय व अवतारनगर थानाध्यक्ष अरुण कुमार की संयुक्त पहल पर आक्रोशित लोगों को मनाया जा सका,जिसके बाद सुबह के 10 बजे जाम हटा और वाहनों का परिचालन शुरू हो सका.
डोरीगंज पुलिस ने ट्रक को अपने कब्जे में लेकर ड्राइवर को हिरासत में ले लिया, वहीं शव को पोस्टमॉर्टम के लिए छपरा भेजा गया.
इस्माईलपुर गांव के पास की घटना, ट्रक के साथ चालक धराया
