सोहैल हिंगोरा अपहरण मामला
छपरा (कोर्ट) : गुजरात के उद्योगपति सोहैल हिंगोरा के अपहरण मामले में अभियोजन ने अपहृत एवं उसके पिता को साक्ष्य के लिए कोर्ट में प्रस्तुत किया. बचाव पक्ष की ओर से अधिवक्ता भुनेश्वर शर्मा और बीरेश चौबे ने सोहैल का प्रतिपरीक्षण किया. सोहैल ने अपने गवाही में कहा कि उसे 29 अक्तूबर 2013 की शाम सात बजे उस समय अपहरण कर लिया गया, जब वह अपने नानी दमन स्थित टेक्सटाइल कम्पनी में विजिट कर अपने हौंडा सिटी कार से सूरत जा रहा था कि अपराधियों ने कार का ओवरटेक कर उसको अपने कार में किसी तरह बैठा लिया. सभी ने उसे बेहोशी का इंजेक्शन दे बेहोश करना चाहा
, बेहोशी की दवा मंगवा कर उसे जबरन पिलाया तब वह बेहोश हो गया. उसे जिस घर में रखा गया था वहां उसके पैर में जंजीर बांध कर रखा गया था. उसके पास रंजीत, जॉन, सतहतर उर्फ़ बौना, पप्पू और कई लोग आते जाते थे तथा गिरोह के डॉन को इसकी जानकारी देते थे. 28 नवंबर की रात नौ बजे के करीब उसे एक काला चश्मा जिसके पीछे काला सेलो टेप चिपका कर पहना दिया तथा उसे उपरोक्त सभी एक वाहन पर बैठा एक पेट्रोल पंप के पास छोड़ गये और बोले कि 15 मिनट तक चश्मा नहीं उतारना है.
तुम्हारे पिता तब तक आ जायेंगे. कुछ देर के बाद उसने चश्मा उतारा तो बन्द पड़ा पम्प देखा और जिसकी दूसरी तरफ एक पुलिस खड़ा था, उससे फोन मांग कर अपने पिता से बात की और पुलिसकर्मी से पूछ कर लोकेशन के बारे में बताया. सोहैल ने गवाही के दौरान कटघरे में खड़े सभी आरोपितों को पहचानते हुए कहा कि इनके अलावे भी अन्य अपराधी थे, जिन्हें देखते ही मैं पहचान जाऊंगा. वहीं पिता हनीफ हिंगोरा को अभियोजन ने तीन बज कर 25 मिनट पर कोर्ट में पेश किया. हनीफ ने कहा कि उसे एक नवम्बर को दो-ढाई बजे के करीब फोन आया कि आपका बेटा मेरे कब्जे में है और आपको मोटी रकम देने पर ही उसे मुक्त किया जायेगा. 28 नवंबर की शाम छह बजे वह चार कार जिसमें आठ बैग में बड़े नोट भरे हुए थे लेकर सूरत से चला. जब पटना गांधी सेतु पर पहुंचा तो कहा गया कि आगे बढ़ो और दो पुल पार कर उसके बगल के रास्ते पर रैन बसेरा होटल है. वहां रुको और पैसा को एक गाड़ी में रखो. उसके बाद आगे बढ़ने को कह एक पंप खड़े गाड़ी में पैसा रखने को कहा, जब मैंने कहा कि पुत्र से बात कराओ तो उसने बेटा से बात करायी. मैंने एक हाथ से पैसा देने और सोहैल को वही देने की बात कही तो उसने इनकार कर 15 मिनट बाद भेजने की बात कही. उसने कोर्ट में खड़े किसी भी आरोपित को पहचानने से इनकार किया, हनीफ का गुरुवार को पुनः प्रतिपरीक्षण किया जायेगा.
