शहर को क्लीन बनाने में जुटा नप

डोर टू डोर पहुंचेंगे सफाईकर्मी छपरा(नगर) : छपरा नगर पर्षद ने शहर को क्लीन एंड ग्रीन बनाने के लिए नई कार्य योजना बना ली है. साफ-सफाई से जुड़े कार्यों में गति लाने, कचरा के नियमित उठाव, कचरा प्रबंधन, डोर टू डोर सर्विस को दुरुस्त करने तथा गली मुहल्लों में लगे डस्टबीन के उपयोग के प्रति […]

डोर टू डोर पहुंचेंगे सफाईकर्मी
छपरा(नगर) : छपरा नगर पर्षद ने शहर को क्लीन एंड ग्रीन बनाने के लिए नई कार्य योजना बना ली है. साफ-सफाई से जुड़े कार्यों में गति लाने, कचरा के नियमित उठाव, कचरा प्रबंधन, डोर टू डोर सर्विस को दुरुस्त करने तथा गली मुहल्लों में लगे डस्टबीन के उपयोग के प्रति लोगों को जागरूक करने हेतु नगर पर्षद के कर्मी युद्ध स्तर पर अभियान चलायेंगे. हाल ही में नगर पर्षद की एक बैठक में शहर को स्वच्छ बनाने और पूर्व के लंबित योजनाओं के जल्द से जल्द निष्पादन हेतु कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गये हैं. नगर पर्षद ने हाल के दिनों में शहर के विभिन्न वार्डों में लाखों रुपये की लागत से डस्टबीन लगाने का काम किया था. हलके सूखे और भारी कचरे के लिए वार्डों में पीले और नील रंग के अलग-अलग डस्टबीन लगाये गये थे.
हालांकि थोड़ी सी नासमझी और जागरूकता के अभाव के चलते कई जगहों पर लगे यह डस्टबीन औंधे मुंह गिरे हुए हैं. अधिकतर जगहों पर लोग अपनी जिम्मेवारी को भूल कर सड़कों पर ही कचरा फेंक देते है जिस कारण शहर में कई जगह छोटे-छोटे डंपिंग जोन बन गये हैं. नगर पर्षद के कर्मी वार्डों में घूम-घूम कर लोगों को डस्टबीन में ही कचरा फेंकने का आग्रह करेंगे ताकि सड़कों पर बढ़ती गंदगी को कम किया जा सके.
कचरा के नियमित उठाव को दी जायेगी प्रमुखता : नगर पर्षद द्वारा कचरा के नियमित उठाव को प्रमुखता दी जायेगी.
बाजारों एवं सार्वजनिक स्थानों पर लगने वाले कचरे की साफ-सफाई, गली मुहल्लों के छोटे-छोटे नालों की साप्ताहिक सफाई और शहर के प्रमुख सड़कों की सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ बनाया जायेगा. इसके साथ ही नगर पर्षद द्वारा चलाये जा रहे डोर टू डोर सर्विस को भी और ज्यादा गति प्रदान की जायेगी. जल्द ही इस संबंध में नगर पर्षद एक शिड्यूल जारी करेगा जिसके अनुसार हर वार्ड में नप के सफाईकर्मी ड्रेसकोड के साथ तय समय पर लोगों के घर पहुंचेगे जहां से कचरा कलेक्ट कर उसे चिह्नित स्थानों पर डंप किया जायेगा.
साफ-सफाई के साथ-साथ शहर के छोटे-छोटे जगहों को ग्रीन जोन में डवलप किया जायेगा. सड़कों के बीच बने डिवाइडर में लगे फूल-पौधों के मेंटेनेंस पर विशेष ध्यान दिया जायेगा साथ ही शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर भी छोटे-छोटे पार्क बनाकर उसमें हरियाली युक्त पौधे लगाये जायेंगे. शहर में बढ़ते प्रदूषण और वाहनों के धुएं से स्वास्थ्य पर हो रहे नुकसान को देखते हुए नगर पर्षद द्वारा यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है. इसके साथ ही अमृत योजना के तहत शहर के चिह्नित जगहों पर पार्क बनाने हेतु कार्य प्रारंभ हो चुका है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >