छपरा (सारण) : यहां तो नहीं मिलती है. पड़ोसी जिला बलिया चले जाते है पीने के लिए. यह सुन कर स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव रजनीश कुमार महाजन अवाक रह गये. प्रधान सचिव सदर अस्पताल के नशा मुक्ति केंद्र का निरीक्षण करने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की निश्चय यात्रा के क्रम में यहां पहुंचे थे. क्षेत्रीय स्वास्थ्य अपर निदेशक डॉ अरुण कुमार सिंह, सिविल सर्जन डॉ निर्मल कुमार, उपाधीक्षक डॉ शंभूनाथ सिंह, नशा मुक्ति केंद्र के नोडल ऑफिसर डॉ अमरेंद्र कुमार के साथ सदर अस्पताल का निरीक्षण करने पहुंचे. निरीक्षण के क्रम में प्रधान सचिव नशा मुक्ति केंद्र पहुंचे तो वहां दो मरीज थे.
प्रधान सचिव ने मरीजों से परेशानी-बीमारी के बारे में पूछताछ की. प्रधान सचिव ने मरीज पूछा कि शराब कहां मिलती है? इस पर मरीज ने कहा कि अब यहां नहीं मिलती है. इसके लिए उत्तर प्रदेश के बलिया जाना पड़ता है. इस पर प्रधान सचिव ने चुटकी लेते हुए कहा ‘सुने हैं कि होम डिलेवरी के माध्यम से शराब उपलब्ध करायी जा रही है’ इस पर वहां मौजूद लोग अपने को हंसने से नहीं रोक सके. प्रधान सचिव ने कहा कि नशा मुक्ति केंद्र में अब सभी तरह के नशा करने वालों का उपचार किया जायेगा. उन्होंने कहा कि गांजा, भांग, गुटखा, तंबाकू समेत अन्य सभी तरह के मादक द्रव्यों का सेवन करने वालों को नशा छुड़ायें.
