आर्ट को देखने पहुंचे हजारों लोग
साथ निश्चय अभियान के विभिन्न पहलुओं को दरसा रहा है सैंड आर्ट
400 फुट लंबे सैंड आर्ट का हुआ उद्घाटन
छपरा(नगर) : सरयू नदी के तट पर सीढ़ी घाट के पास शनिवार को सैंड आर्ट के माध्यम से मुख्यमंत्री सात निश्चय योजना के विभिन्न पहलुओं को दरसाते प्रदर्शनी का उद्घाटन सारण के आयुक्त नर्मदेश्वर लाल ने किया. यह वही नदी घाट है जहां महज साल भर पहले अवैध शराब का कारोबार और इससे जुड़े लोगों की गिरफ्तारी शहर के लिए चर्चा का केंद्र बना रहता था. इसी घाट के किनारे एक झोंपड़ीनुमा घर में रहने वाले संघर्षशील कलाकार अशोक कुमार ने अपनी नायाब प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए लगभग एक महीने के अथक प्रयास के बाद मुख्यमंत्री साथ निश्चय योजना को
सैंड आर्ट के माध्यम से जीवंत रूप देकर इस अभियान की सार्थकता और इसके संकल्प से लोगों को जिस प्रकार जागरूक किया उसे देख कर आसपास के लोगों और गरीब झोंपड़पट्टी में रहने वाले अशोक के परिजनों का सर गर्व से ऊंचा हो गया.
आयुक्त भी रह गये हतप्रभ : दोपहर लगभग 2 बजे सारण के आयुक्त नर्मदेश्वर लाल जब सीढ़ी घाट नदी तट पर छोटी नदी को पार कर तेज हवाओं और रेत की गर्द के बीच सैंड आर्ट का उद्घाटन करने पहुंचे तो वहां का नजारा देख कर हतप्रभ रह गये. शराबबंदी, पूर्ण बिजली, कुशल युवा कार्यक्रम, हर घर नल का जल, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, हर घर शौचालय जैसी तमाम योजनाओं से जुड़े सैंड आर्ट और उसके पीछे छुपे संदेश को देख कर आयुक्त महोदय हैरान हो गया. इस अद्भुत नजारे को देख कर उन्होंने जम कर युवा कलाकार अशोक और उनके टीम की तारीफ की और उन्हें हर संभव सहायता प्रदान करने का आश्वासन भी दिया.
सैंड आर्ट देखने पहुंचे हजारों लोग : सात निश्चय को दरशाते इस सैंड आर्ट को देखने पहले दिन हजारों लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी. अशोक द्वारा 400 फीट लंबे शराबबंदी से जुड़े कलाकृति को देखने में लोगों की दिलचस्पी ज्यादा रही. बच्चे, बुजुर्ग, युवा और महिलाएं भी इस शानदार इवेंट को देखने उत्साह पूर्वक पहुंचे. विदित हो कि अशोक इसके पहले भी कई सारे सैंड आर्ट बना चुके हैं पर इस बार 400 फीट लंबा सात निश्चय से जुड़ा सैंड आर्ट बनाकर उन्होंने न सिर्फ अपना बल्कि सारणवासिओं सम्मान बढ़ाया है.
