छपरा (सदर) : जिला आपूर्ति विभाग के लगभग तीन हजार जनवितरण दुकानदारों की एक दिवसीय कार्यशाला शुक्रवार को जिला पर्षद परिसर में हुई. जिसमें डीएम दीपक आनंद, एडीएम अरूण कुमार सिंह, जिला आपूर्ति पदाधिकारी अनिल कुमार रमण आदि ने उपस्थित जन वितरण दुकानदारों से स्पष्ट तौर पर कहा कि सरकार के निर्देश के अनुसार जनवितरण दुकानों को निर्धारित समय पर नियमित खोलना उनकी जिम्मेवारी है.
इसके अलावा ग्राहकों को निर्धारित वजन व निर्धारित मूल्य पर ही सामान की बिक्री करनी है.सरकार से उठाव किये गये अनाज के राशि भुगतान या अन्य त्रुटियों के खिलाफ शिकायत मिली तो उनके विरुद्ध कार्रवाई की जायेगी. इस अवसर पर जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने कहा कि निर्धारित तिथि को निर्धारित समय हर हाल में दुकान को खुला रखना है. जिससे उनका स्टॉक सत्यापन किया जा सके.
डीलरों ने भी रखी कई समस्याएं : इस दौरान जनवितरण दुकानदारों ने भी अपनी समस्याएं रखी. परसा के जनवितरण दुकानदार ने कहा कि अन्न कलश योजना के तहत प्रत्येक पंचायत में दो क्विंटल अनाज अराक्षित रखना था. परंतु, राशि जमा करने के बावजूद अबतक अनाज की आपूर्ति नहीं हुई. वहीं दिघवारा के जनवितरण दुकानदार ने कहा कि खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत प्रति यूनिट पांच किलोग्राम अनाज निर्धारित है. सितंबर 2014 से यह अधिनियम लागू है.
परंतु, जिले में उनके यहां अभी भी निर्धारित मात्रा से कम अनाज की आपूर्ति हो रही है. इस अवसर पर यह भी बात सामने आयी की कूपन में चिह्नित वजन से कम अनाज की आपूर्ति होती है तो ऐसी स्थिति में आये दिन जनवितरण दुकानदारों को ग्राहकों से वजन को लेकर जुझना पड़ता है. इस पर जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने डीलरों की सभी सवालों का जवाब बारी-बारी से दिया. इस अवसर पर अन्य विभागीय पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे.
