चाकू का भय दिखा कर किया अपहरण
छपरा (सारण) : शहर के साढ़ा ढ़ाला के पास से अपहृत दो टेंपोचालकों को पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दो घंटे के अंदर डिलीया रहिमपुर दियारा क्षेत्र से गुरूवार को बरामद कर लिया गया. छपरा जंकशन से टेंपो लेकर साढ़ा पहुंचे दो टेंपो चालकों से चार युवकों ने साहेबगंज चलने को कहा. रास्ते में ही दोनों चालकों का चाकू का भय दिखा कर अपहरण कर लिया गया. टेंपो पर सवार युवक रिविलगंज थाना क्षेत्र के डिलीया रहिमपुर दियारा में चालकों को लेकर चले गये. इसकी सूचना मिलते ही नगर थाना और भगवान बाजार थाना की पुलिस सक्रिय हो गयी. नगर थानाध्यक्ष रवि कुमार और
भगवान बाजार थानाध्यक्ष सुरेंद्र कुमार के नेतृत्व में डिलीया रहिमपुर दियारा में छापेमारी शुरू की . पुलिस ने दो घंटे के अंदर अपहृत दोनों टेंपो चालकों को बरामद कर लिया. साथ ही चारों अपहरणकर्ताओं को भी मौके से गिरफ्तार कर लिया. बरामद अपहृत टेम्पों चालकों में मुफस्सिल थाना क्षेत्र के खेमाजी टोला निवासी बालदेव चौधरी का पुत्र राहुल चौधरी और साढ़ा ढाला के मो शहीद का पुत्र मो अशरफ बताया जाता है. बरामद अपहृत टेंपो चालकों ने बताया कि बुधवार को कुछ युवकों के साथ मारपीट हुई थी. जिसके प्रतिशोध में षड्यंत्र के तहत चारों युवकों ने अपहरण कर लिया और दियारा में ले जाकर उनकी हत्या करना चाहते थे. इसी बीच मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को बरामद किया. अपहरणकर्ताओं ने दोनों टेंपो चालकों की पिटायी भी की है. दोनों का उपचार सदर अस्पताल में कराया गया. टेंपो चालक अशरफ के बयान पर भगवान बाजार थाने में बयान दर्ज की गयी है. गिरफ्तार अपहरणकर्ताओं में गंडक कॉलोनी के सन्नी कुमार, साहिल कुमार, रामलीला मठिया के कृष्णा कुमार और प्रभुनाथ नगर के रवि कुमार शामिल हैं.
क्या कहते हैं थानाध्यक्ष
अपहरण का कारण एक दिन पहले हुई मारपीट की घटना है. टेंपो चालकों के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गयी है. गिरफ्तार अपहरणकर्ताओं और बरामद अपहृत युवकों को न्यायालय में पेश करने के लिए भेजा गया है.
सुरेंद्र कुमार, थानाध्यक्ष, भगवान बाजार, छपरा
