छपरा (बनियापुर) : बिहार में छपरा के बनियापुर में आज सुबह मामूली बात को लेकर दो युवकों के बीच उत्पन्न विवाद ने उग्र रूप ले लिया.जिसके बाद एक युवक ने दूसरे युवक की चाकू से गोद हत्या कर दी. घटना सोमवार की अहले सुबह की है. मृतक कराह गांव वार्ड- 06 निवासी जीउत साह उर्फ कल्लु का 18 वर्षीय पुत्र श्याम बाबू साह बताया जाता है.
घटना के संबंध में प्राप्त जानकारी के मुताबिक श्याम बाबू रिश्ते की मुंहबोली भांजी के कहने पर नववर्ष की ग्रीटिंग कार्ड पर शायरी लिख दिया था. मुंहबोली भांजी ने उक्त ग्रीटिंग कार्ड को अपने किसी सहेली को दी थी. जिससे नाराज श्याम बाबू के पड़ोस के ही प्रदीप कुमार ने श्याम बाबू के साथ वादविवाद के बाद उसे चाकू से गोद डाला. जिससे श्याम बाबू गंभीर रूप से घायल हो गया.
घायल युवक को इलाज के लिए स्थानीय रेफरल अस्पताल लाया गया. जहां स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे सदर अस्पताल छपरा भेजा गया. सदर अस्पताल के चिकित्सकों ने नाजुक स्थिति को देखते हुए वहां से पीएमसीएच पटना रेफर कर दिया. पटना ले जाने के क्रम में घायल युवक की मौत रास्ते में हो गयी.
ग्रामीणों में दबी जुबान से घटना के पीछे प्रेम प्रसंग की चर्चा व्याप्त है. समाचार प्रेषण तक घटना की प्राथमिकी दर्ज नहीं हो पायी थी, प्रक्रिया चल रही थी. सूचना पर अनुसंधान में जुटी पुलिस ने घटना के मुख्य आरोपित प्रदीप कुमार को गिरफ्तार कर लिया. इस संबंध में थानाध्यक्ष ज्वाला सिंह ने बताया कि पुलिस घटना से जुड़ी तमाम बिंदुओ पर नजर रख अनुसंधान में जुटी है. अचेत होने के कारण मृतक का फर्दबयान नहीं हो पाया है. मृतक के परिजनों के फर्द बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर अग्रेतर कार्रवाई की जायेगी.
