मांझी : थाना क्षेत्र के अलीपुर काली मंदिर का ताला तोड़ संतोषी माता की मूर्ति बनियापुर के विद्या राय नामक विक्षिप्त युवक ने गायब किया था. बुधवार की सुबह उक्त विक्षिप्त मूर्ति लेकर बनियापुर में घुम रहा था. तभी किसी की नजर उस पर पड़ी और उक्त ग्रामीण ने पुलिस को इसकी सूचना दी. बाद में बनियापुर के थानाध्यक्ष ज्वाला सिंह ने विक्षिप्त युवक को गिरफ्तार कर मूर्ति बरामद कर ली. इसकी सूचना मांझी के थानाध्यक्ष को दी. थानाध्यक्ष ने वाट्सअप के जरिये ग्रामीणों से मूर्ति की पहचान करायी,
तब जाकर मामले का पटाक्षेप हुआ. इस बीच प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए मंदिर परिसर में शांति समिति की बैठक आहूत की. बैठक में सांप्रदायिक सौहार्द बनाये रखने की अपील की गयी. बैठक में सीओ सिद्धनाथ सिंह, बीडीओ सूरज कुमार सिंह, थानाध्यक्ष प्रभाकर पाठक, सुधाकर मिश्र, जय प्रकाश महतो, मंटू सिंह, अनूप कुमार सिंह समेत बड़ी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद थे. उधर महम्मदपुर स्थित बुढ़िया माई मंदिर से चोरी गयी सोने की आंख की बरामदगी नहीं हो सकी है.
