दिघवारा : प्रखंड अधीन क्षेत्रों में मंगलवार को तापमान में काफी गिरावट दिखी और शहरी व ग्रामीण इलाकों में हर कोई ठंड से परेशान होता नजर आया. ठंड बढ़ने के कारण लोगों ने पहली बार कपकपी का एहसास किया और कई जगहों पर लोग अलाव से चिपके नजर आये.
अलाव से किया ठंड का मुकाबला : ठंड बढ़ने के साथ मंगलवार को हर जगह लोग अलाव से ठंड का मुकाबला करते दिखे. अलाव के पास लोगों की काफी भीड़ दिखी और राजनीतिक चर्चा से माहौल गर्म होता दिखा.
लोग शाल, स्वेटर समेत ऊनी कपड़ों से चिपके नजर आये. स्कूली विद्यार्थियों के अलावा कोचिंग जाने वाले विद्यार्थी भी ठंड से ठिठुरते मिले. वहीं कुहासा के कारण दोपहर 12 बजे तक वाहन हेड लाइट के सहारे गंतव्यों की ओर जाते मिले. कुहासा से सड़क के वाहनों के अलावा ट्रेनों की रफ्तार पर भी ब्रेक लगता दिखा. छपरा-पटना मार्ग के अलावा शीतलपुर, परसा व मानपुर-गड़खा पथ पर भी गाड़ियां चींटी की तरह सरकतीं दिखी.
