बनियापुर : तिलकोत्सव के समय कन्यापक्ष द्वारा वर को दिव्यांग बता तिलक चढ़ाने से इनकार किये जाने से उत्पन्न विवाद ने गंभीर रूप ले लिया और कन्यापक्ष एवं वरपक्ष के बीच जम कर मार पीट हुई. जिसमें दोनों पक्षों के एक दर्जन से ज्यादा लोग आंशिक रूप से घायल हो गये.
वहीं कई बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गयी. मामला थाना क्षेत्र के हरपुर गौलक्षणी टोले का है. मारपीट की घटना से वरपक्ष के दरवाजे पर अफरातफरी का माहौल कायम हो गया एवं क्षणभर में खुशनुमा माहौल गमगीन हो गया. मारपीट की घटना के बाद कन्यापक्ष के लोग बगैर तिलक चढ़ाये ही तिलक समान छोड़ फरार हो गये. दोनों पक्षों में किसी द्वारा भी घटना की सूचना थाने को नहीं दी गयी एवं न ही प्राथमिकी दर्ज करायी गयी. घटना के संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार हरपुर गौलक्षणी टोला निवासी केशव सिंह के पुत्र निरंजन उर्फ नीरज का तिलक मढ़ौरा स्टेशन रोड निवासी अवधेश सिंह के यहां से आयी थी.
छेका का रस्म शांति पूर्वक खुशनुमा माहौल में संपन्न होने के बाद तिलकोत्सव का कार्यक्रम जैसे ही प्रारंभ हुआ कन्यापक्ष के लोगों ने वर को पोलियो से ग्रसित होने की बात बता तिलक चढ़ाने से इंकार कर सामान को समेटने लगे. जिसका विरोध वर पक्ष के लोगों ने किया जिसको लेकर उत्पन्न वाद विवाद उग्र रूप ले लिया.
दोनों पक्षों के बीच जम कर लाठी डंडे एवं कुर्सी चली जिसमें
दोनों पक्षों के कई लोग आंशिक रूप से घायल हो गये. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कन्यापक्ष के लोग रात्रि में ही बगैर तिलक चढ़ाये फरार हो गये.
तिलकत्सव के समय वर को दिव्यांग कहे जाने पर बिगड़ी बात
घटना में बाइक भी क्षतिग्रस्त
