हमलावर वारदात को अंजाम देने बाइक से आये थे

घटना स्थल पर दान के सामानों को जब्त करती पुलिस व सदर अस्पताल में रोते-बिलखते परिजन. रविवार दोपहर के समय की घटना राजकुमार पर धारदार हथियार से हुआ हमला रतनपुरा मुहल्ले का रहने वाला था राजकुमार जजमनिका व संपत्ति का विवाद मुख्य वजह छपरा (सारण) : शहर के राजेंद्र सरोवर के समीप गला रेतकर एक […]

घटना स्थल पर दान के सामानों को जब्त करती पुलिस व सदर अस्पताल में रोते-बिलखते परिजन.

रविवार दोपहर के समय की घटना
राजकुमार पर धारदार हथियार से हुआ हमला
रतनपुरा मुहल्ले का रहने वाला था राजकुमार
जजमनिका व संपत्ति का विवाद मुख्य वजह
छपरा (सारण) : शहर के राजेंद्र सरोवर के समीप गला रेतकर एक व्यक्ति की हत्या रविवार को दोपहर के समय कर दी गयी. घटना उस समय हुई जब श्राद्धकर्म का संस्कार करा कर दान-दक्षिणा में मिले सामान को बांधकर अपने घर ले जाने की तैयारी राज कुमार पांडेय कर रहे थे, उसी समय दो बाइक पर सवार चार पांच युवक पहुंचे और राजकुमार पर धारदार हथियार से हमला बोल दिया. हमलावरों ने गला रेत दिया और शरीर पर धारदार हथियार से गोद डाला.
घटना की सूचना पाकर तत्काल नगर थाना पुलिस पहुंची और घायल को सदर अस्पताल में ले जाकर भरती कराया जहां उसकी मौत हो गयी. मृतक की पहचान भगवान बाजार थाना क्षेत्र के रतनपुरा मुहल्ले के राजकुमार पांडेय के रूप हुई है. इसकी सूचना पाकर नगर थानाध्यक्ष रवि कुमार तथा भगवान बाजार थानाध्यक्ष महेश प्रसाद यादव सदर अस्पताल पहुंचे और मामले की जांच की. नगर थानाध्यक्ष ने बताया कि हत्या का कारण यजमानिका के क्षेत्राधिकार तथा संपत्ति का विवाद है. हालांकि हत्या का कारण दूसरा भी हो सकता है. इसकी जांच की जा रही है.
पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया है और पोस्टमार्टम कराया जा रहा है. इस मामले में पुलिस ने मृतक की पत्नी बबिता देवी के बयान पर आधा दर्जन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है, जिसमें उनके पट्टीदार वीरेंद्र पांडेय, उनके तीनों पुत्रों और दो अन्य शामिल है. हत्या के मामले में नामजद आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने छापेमारी शुरू कर दी है.
अस्पताल में रहा अफरा-तफरी
घायल की मौत होने के बाद अस्पताल में काफी भीड़ जमा हो गयी. इस वजह से अस्पताल में अफरा-तफरी मच गयी. मृतक की पत्नी की मातमी चित्कार से अस्पताल का माहौल गमगीन बना हुआ था. नगर थाना एवं भगवान बाजार थाना की पुलिस भीड़ को काफी देर तक हटाती रही. मृतक के परिजन और सगे-संबंधी काफी संख्या में जुटे थे.
क्या कहते हैं थानाध्यक्ष
यजमानिका तथा संपत्ति विवाद में राजकुमार पांडेय की हत्या उनके पट्टीदारों ने की है. इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है. हत्या के आरोपितों को शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जायेगा.
रवि कमार, पुलिस इंस्पेक्टर सह थानाध्यक्ष, नगर थाना, छपरा

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >