समस्या. दो माह से उपभोक्ताओं को नहीं मिल रहा है विद्युत विपत्र
छपरा (सारण) : विद्युत विपत्र नहीं मिलने से उपभोक्ताओं की बेचैनी तथा परेशानी बढ़ गयी है. पहले ऑन लाइन बिलिंग होता था और उपभोक्ताओं के घर भी विपत्र विभाग की ओर से भेजा जाता था. लेकिन तीन माह पहले नयी व्यवस्था लागू की गयी. नयी व्यवस्था के तहत ऑन द स्पॉट बिलिंग शुरू किया गया.
परंतु नयी व्यवस्था एक माह में ही फ्लॉप शो साबित हो गयी. फलत: दो माह से उपभोक्ताओं को विद्युत विपत्र नहीं मिल रहा है. इस वजह से उपभोक्ता विपत्र की राशि जमा नहीं कर पा रहे है. विद्युत विपत्र की राशि जमा नहीं होने, विद्युत विभाग के राजस्व में काफी कमी आयी है. इस वजह से न केवल विद्युत विभाग के अधिकारियों की बेचैनी व परेशानी बढ़ गयी है, बल्कि उपभोक्ता भी आर्थिक बोझ बढ़ने से चिंतित है.
विद्युत विपत्र हासिल करने के लिए उपभोक्ता विद्युत कार्यालय का चक्का काट रहे हैं.
सॉफ्टवेयर में खराबी से बाधा : ऑन द स्पॉट बिलिंग की सॉफ्टवेयर में खराबी के कारण विद्युत विपत्र निर्गत नहीं हो रहा है. सॉफ्टवेयर में सुधार के लिए राज्य मुख्यालय को पत्र लिखा गया है. ऑन द स्पॉट बिलिंग के लिए विद्युतकर्मी उपभोक्ताओं के घर जाकर विद्युत मीटर की रीडिंग करते हैं और उपभोक्ता का नंबर डालते है
जिसके पश्चात विद्युत विपत्र तत्काल प्रिंट होकर निकलता है जिसे उपभोक्ता को दिया जाता है. लेकिन यह कार्य दो माह से नहीं हो रहा है. ऑन लाइन बिलिंग की सुविधा के दौरान विद्युत मीटर की रीडिंग नहीं हो रही थी और प्राय: गलत विपत्र उपभोक्ताओं को मिलता था इस वजह से उपभोक्ता परेशान रहें. उपभोक्ताओं की शिकायत दूर करने के लिए नयी व्यवस्था लागू की गयी है.
मीटर रीडिंग सबसे बड़ी समस्या : विद्युत विपत्र निर्गत करने के लिए मीटर का रीडिंग कराना जरूरी है. आउटसोर्सिंग के जरिये मीटर रीडिंग कराने की विद्युत विभाग की योजना फेल हो गयी. इसके बाद विभाग ने ऑन द स्पॉट बिलिंग को लागू किया. ऑनलाइन बिलिंग और मीटर रीडिंग में व्यापक अनियमितता के कारण विद्युत विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और उपभोक्ताओं को परेशानी हो रही थी.
इस तरह बदला विद्युत बिलिंग सिस्टम
वर्ष 2004 से कंप्यूटरीकृत विपत्र भेजने की प्रक्रिया शुरू
वर्ष 2007 से ऑन लाइन विपत्र उपलब्ध कराने की व्यवस्था लागू
वर्ष 2016 में ऑन द स्पॉट बिलिंग
एक माह के बाद ऑन द स्पॉट बिलिंग की सुविधा फ्लॉप
क्या कहते हैं अधिकारी
सॉफ्टवेयर में गड़बड़ी के कारण ऑन द स्पॉट बिलिंग बाधित है. सॉफ्टवेयर में सुधार के लिए कार्रवाई चल रही है. जल्द ही ठीक हो जायेगा ऑर ऑन द स्पॉट बिलिंग शुरू कर दिया जायेगा.
चंद्रशेखर कुमार, विद्युत कार्यपालक, अभियंता, छपरा
