छपरा : पिछले एक माह से चल रहे दो डीइओ के विवाद का पटाक्षेप हो गया और विभागीय आदेश से तत्कालीन जिला शिक्षा पदाधिकारी चंद्रकिशोर प्रसाद यादव, सारण के डीइओ के पद पर पूर्वत काम करते रहेंगे तो वहीं जिला कार्यक्रम पदाधिकारी अवधेश बिहारी को जिला शिक्षा पदाधिकारी के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त कर डीपीओ के पद पर पूर्वत कार्य करते रहने का आदेश दिया गया है. विभागीय अपर सचिव सह निदेशक प्रशासन सुशील कुमार ने इस आशय का आदेश जिले को भेजा है.
शिक्षा विभाग के ज्ञापांक 3/आ.1-53/2016-837 दिनांक-30.08.16 के मुताबिक चंद्रकिशोर प्रसाद यादव तत्कालीन जिला शिक्षा पदाधिकारी ज्ञापांक 446 के तहत 21 अप्रैल को निलंबित कर इनका मुख्यालय माध्यमिक शिक्षा निदेशालय निर्धारित किया गया था. जिसके विरुद्ध तत्कालीन डीइओ चंद्रकिशोर प्रसाद यादव द्वारा उच्च न्यायालय पटना में दायर सीडब्लू जेसी संख्या 7999/2016 में पारित आलोक में निलंबन के विभागीय आदेश को निरस्त कर चंद्रकिशोर प्रसाद यादव को डीइओ सारण के पद पर पूर्वत कार्य करने का आदेश दिया गया है तो वहीं अवधेश बिहारी को डीपीओ के पद पर पूर्वत कार्य करने का आदेश देते हुए उन्हें जिला शिक्षा पदाधिकारी के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त कर दिया गया है.
गौरतलब हो कि करीब एक माह से दो डीइओ के बीच विवाद वर्चस्व के कारण जहां विभागीय कामकाज प्रभावित हो रहा था, शिक्षकों का वेतन ट्रेजरी से पास होने के बावजूद बैंक द्वारा भुगतान से इनकार के कारण बाधित था. दो दिन पूर्व शिक्षकों ने प्रभारी डीइओ और अन्य विभागीय अधिकारियों को कार्यालय में बंद कर बंधक बना लिया था. बताते चले कि डीइओ के पद पर चंद्रकिशोर प्रसाद यादव कार्य कर रहे थे कि उन्हें विभाग द्वारा 21 अप्रैल को निलंबित कर दिया गया.
इनके निलंबन के बाद डीपीओ आरएसएम अवधेश बिहारी को जिला शिक्षा पदाधिकारी का अतिरिक्त प्रभार दिया गया. बाद में इन्हें वित्तीय अधिकारी भी विभाग द्वारा दिया गया और अवधेश बिहारी डीपीओ के पद पर कार्य करते रहें. इसी बीच विभागीय आदेश के खिलाफ तत्कालिन डीइओ को हाइकोर्ट ने राहत देते हुए इनके निलंबन आदेश को खारिज कर दिया. तत्कालीन डीइओ छपरा लौटे और डीइओ के पद पर काबिज हो गये.
प्रभारी डीइओ व डीइओ के बीच विवाद इस कदर बढ़ता चला गया कि न सिर्फ चौक चौराहों पर शिक्षा महकमा माखौल का केंद्र विंदु बन गया बल्कि आलाधिकारी भी राजधानी से पत्राचार करते-करते तबाह हो गये. चंद्रकिशोर प्रसाद यादव ने आज दोपहर डीइओ के पद पर पुन: योगदान कर लिया.
