तरैया(सारण) : थाना क्षेत्र के डीह छपिया गांव में गुरुवार की रात एक बुजुर्ग की चाकू मारकर हत्या कर दी गयी. मिली जानकारी के अनुसार डीह छपिया निवासी 60 वर्षीय लक्ष्मण राम की हत्या कर शव को खेत में फेंक दिया. इस संबंध में मृतक के पुत्र रविंद्र राम ने तरैया थाने में अपने पिता की हत्या करने की प्राथमिकी दर्ज करायी है.
प्राथमिकी में कहा गया है कि लक्ष्मण राम जयनाथ महतो के नवनिर्मित मकान पर सोते थे. गुरुवार की रात वह घर से खाना खाकर सोने चले गये. शुक्रवार की सुबह गांव वालों ने बताया कि उनकी हत्या कर शव को जनक सिंह के खेत में फेंक दिया गया है. खेत में पानी लगा हुआ था. शव को पानी से निकाल कर पुलिस को इसकी सूचना दी गयी. रविंद्र ने बताया कि पांच दिन पूर्व उसके पिता ने कहा था कि जयनाथ महतो के मकान पर डीह छपिया के राजू गिरि,रूपेश गिरि व प्रदीप साह शराब व गांजा पी रहे थे.
पिता ने नशा करने से मना किया तो तीनों ने मारपीट की तथा चाकू दिखा कर जान मारने की धमकी भी दी थी. उसका कहना है कि उसी तीनों व्यक्ति ने पिता की चाकू मारकर हत्या कर दी है. तरैया थानाध्यक्ष अजय कुमार पासवान ने दल-बल के साथ घटना स्थल पर पहुंच कर शव को पोस्टमार्टम के लिए छपरा भेज दिया. थानाध्यक्ष ने बताया कि हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है. हत्यारों की गिरफ्तार के लिए छापेमारी की जा रही है.
