सफलता. मुफस्सिल थाने की पुलिस ने पकड़ी गाड़ी
हरियाणा नंबर का है बरामद किया गया ट्रक
डोरीगंज (छपरा) : ट्रक में दाल-चावल के साथ लदी दारू मुफ्फसिल पुलिस ने बरामद की है. 50 किलोग्राम के ब्रांडेड चावल व चने की दाल के लगभग ढाई सौ पैकेटों के नीचे छुपाकर विदेशी शराब की लगभग साढ़े तीन सौ पेटियां ले जायी जा रही थी.
इसमे रॉयल स्टैग, मैकडोवेल्स तथा इम्पेरियल ब्लू की पेटियां शामिल हैं. पुलिस को यह सफलता तब हाथ लगी जब सोमवार की दोपहर मिली गुप्त सूचना के आधार पर गाड़ी का पीछा करते हुए पुलिस ने बाइपास रोड स्थित जेपी यूनिवर्सिटी के समीप ओवरटेक कर धर दबोचा. इस दौरान चालक पुलिस को चकमा देकर भागने में सफल रहा. गाड़ी को जब्त कर पुलिस थाने ले आयी.
जहां मंगलवार की शाम सदर अंचलाधिकारी सह दण्डाधिकारी के रूप मे प्रतिनियुक्त सीओ तथा नशामुक्ति मुफसिल क्षेत्र दंडाधिकारी देवबालक महतो, विजय कुमार सिह की मौजूदगी मे ट्रक की तलाशी ली गयी तो पता कि ऊपर दाल और चावल की सैकड़ों बोरियों के नीचे भारी मात्रा मे विदेशी शराब की पेटियां छुपाई गयी हैं.
गाड़ी हरियाणा नंबर की है. इस संबंध मे मुफ्फसिल थानाध्यक्ष अभय कुमार सिंह ने बताया कि ट्रक से माल उतारे जाने की प्रक्रिया जारी है सीजर कटने के बाद ट्रक के मालिक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की जायेगी.
