पुलिस केंद्र के पुराने भवनों की मरम्मत नहीं होने से बढ़ी परेशानी
छत से टपकता है बारिश का पानी
बैरक भवन आज भी है खपरैलनुमा
छपरा (सारण) : पुलिस केंद्र में स्थित बैरक के पुराने भवन में रहने वाले पुलिसकर्मियों की परेशानी बरसात के कारण बढ़ गयी है. वर्षों पूर्व निर्मित पुलिस केंद्र के पुराने भवनों की मरम्मत का कार्य वर्षों से नहीं कराया जा रहा है. इस वजह से भवन पूरी तरह जीर्ण-शीर्ण हो गया है. इस वजह से बरसात के कारण भवनों के छत के पानी टपक रहा है. पानी टपकने से उसमें रहने वाले पुलिसकर्मियों को सोने के लिए भी इधर उधर करना पड़ रहा है.
करीब पांच दशक पहले पुलिस केंद्र में बैरक का निर्माण कराया गया था. करीब एक दशक पहले भवनों की मरम्मत का कार्य हुआ. इसके बाद से मरम्मत का कार्य भी लंबित पड़ा है. इसका मुख्य कारण बिहार राज्य पुलिस निर्माण निगम में अभियंताओं की कमी होना है. इसके लिए पुलिस अधीक्षक द्वारा सरकार को पत्र लिखकर अभियंता की प्रतिनियुक्ति किये जाने का अनुरोध किया गया है.
पुलिस केंद्र को मिला प्रशिक्षण केंद्र का दर्जा : सरकार द्वारा छपरा पुलिस केंद्र को प्रशिक्षण केंद्र का दर्जा दिया गया है. यहां प्रशिक्षण केंद्र खुलने के साथ प्रशिक्षु पुलिसकर्मियों की भी पदस्थापना की गयी है. लेकिन पुराने भवनों की मरम्मत तथा अन्य आवश्यक कार्य अब तक लंबित पड़ा हुआ है. यहां गृह रक्षा वाहिनी तथा सैप के जवानों का भी केंद्र है. लेकिन जवानों की संख्या के अनुपात में भवन का प्रबंध नहीं किया गया है. पुलिस केंद्र की चहारदीवारी भी अधूरा है. उत्तर तथा पश्चिम दिशा में चहारदीवारी नहीं है.
कई बार हो चुके है हादसे : एक सप्ताह पहले पुलिस केंद्र के पुराने बैरक भवन के छत का चट गिरने से अफरा-तफरी मच गयी थी. हालांकि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ. लेकिन पिछले वर्ष बैरक भवन के छत टूटकर गिरने से एक दर्जन पुलिसकर्मी जख्मी हो गये थे.
खास बातें
चहारदीवारी के अभाव में आवारा जानवरों का आना जाना लगा रहता है
पुलिस केंद्र के बीच से ही हवाई अड्डा के तरफ जाने के लिए लोगों द्वारा आम रास्ता बना दिया गया है.
पुलिस केंद्र के परिसर से ही हवाई अड्डा होते हुए लोग सदर प्रखंड मुख्यालय तक जाते-आते है.
घेराबंदी नहीं होने के कारण अवैध लोगों के आवाजाही से पुलिसकर्मियों को परेशानी उठानी पड़ती है.
क्या कहते हैं अधिकारी
पुलिस केंद्र के भवनों की मरम्मत कराने तथा घेराबंदी कराने का प्रस्ताव सरकार को भेजा गया है. अभियंता की कमी के कारण कार्य में विलंब हो रहा है. छपरा मुख्यालय में अभियंता की प्रतिनियुक्ति करने के लिए सरकार से अनुरोध किया गया है.
सत्यनारायण कुमार, एएसपी, सारण
