मांझी : अवैध शराब से लदी दो स्काॅर्पियो को मांझी पुलिस ने मंगलवार को सुबह पकड़ लिया. हालांकि, दोनों स्काॅर्पियो के चालक फरार हो गये. एक गाड़ी में देशी, तो दूसरी गाड़ी मे अंगरेजी शराब लदी हुई थी.
एक गाड़ी को छपरा-मांझी रोड पर स्थित दुर्गापुर गांव के समीप, तो दूसरी को मरहा बीन टोली से बरामद किया गया. थानाध्यक्ष प्रभाकर पाठक ने बताया की गुप्त सूचना मिली थी कि यूपी से शराब से लदी दो स्कॉर्पियो आ रही हैं. मंगलवार की सुबह पुलिस सादी वरदी में इन गाड़ियों की निगरानी करने लगी. इसी बीच दो अपाची मोटरसाइकिल सवार गाड़ी के लाइनर आगे-आगे निकले और पीछे से दोनों स्कॉर्पियो जयप्रभा सेतु पार कर छपरा के तरफ जाने लगीं. इन गाड़ियों का पीछा करते हुए दुर्गापुर गांव के समीप पकड़ गया, तो एक चालक गाड़ी को चालू हालत में छोड़ कर सरयू में कूद गया. दूसरी गाड़ी लेकर भागने लगा. पीछा करते हुए मरहा बीन टोली के पास उसे भी पकड़ लिया गया.
दुर्गापुर से पकड़ी गयी गाडी मे से 40 पेटी देशी अवैध शराब तथा मरहा के पास से पकड़ी गयी गाड़ी में से 18 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद हुआ है. 40 पेटी में कुल 1008 बोतल शराब है. दूसरी गाड़ी रॉयल स्टैग की हाफ 4 पेटी, रॉयल स्टैग नीब की 7 पेटी तथा एम्पेरियल ब्रांड की 7 पेटी शराब है. सभी शराब उत्तर प्रदेश व हरियाणा में निर्मित बतायी जाती है.
मालिक व चालक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज
अवैध शराब से लदी दोनों स्कॉर्पियो यूपी 54डब्ल्यू 1918 तथा यूपी 32इभी 3400 के मालिकों व चालकों के खिलाफ अवैध शराब लाने के आरोप में उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी मांझी पुलिस ने दर्ज की है. एक गाड़ी उतरप्रदेश के मऊ जिले के संजय यादव की बतायी जा रही है.
