स्वास्थ्य विभाग ने डेंगू से की बचाव की तैयारी
डेंगू का हो सकता है लक्षण
छपरा (सारण) : तेज बुखार व शरीर में तेज दर्द से आप पीड़ित हैं, तो हो जाएं सावधान. आप हो सकते हैं डेंगू के शिकार. प्रमंडल के कई क्षेत्रों में डेंगू का प्रकोप काफी तेजी के साथ फैल रहा है. हालांकि सारण जिले में डेंगू का कोई मरीज नहीं मिला है, लेकिन तेज बुखार व शरीर में तेज दर्द तथा कमजोरी की शिकायतों के साथ काफी संख्या में मरीज पहुंच रहे हैं. तेज बुखार व बदन दर्द के शिकार मरीज डेंगू के शिकार होने की आशंका से ग्रसित हैं.
स्वास्थ्य विभाग ने की तैयारी : डेंगू के फैलने की आशंका के मद्देनजर स्वास्थ्य विभाग ने तैयारी शुरू कर दी है. सदर अस्पताल में छह बेडों का डेंगू वार्ड बनाया गया है और डेंगू के मरीजों की जांच के लिए किट का प्रबंध कर लिया गया है. जिले के सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों को डेंगू का संदिग्ध मरीज मिलने पर जिला मुख्यालय को सूचित करने का निर्देश दिया गया है.
शहर में जलजमाव व गंदगी से खतरा : शहर में उत्पन्न जलजमाव तथा गंदगी के कारण डेंगू फैलने का खतरा बढ़ गया है.
शहर की सफाई व्यवस्था की लचर स्थिति के कारण प्राय: प्रत्येक मुहल्ले के चौक-चौराहों पर गंदगी व कूड़ा-कर्कट का अंबार लगा हुआ है.
नालों की उड़ाही समुचित ढंग से नहीं होने के कारण गंदा पानी सड़कों पर ओवरफ्लो कर रहा है. नाले के गंदा पानी व कचरे के ढेर से भी मच्छरों का प्रकोप फैल रहा है, जिससे आम नागरिकों में संक्रमण फैलने का खतरा बढ़ गया है.
क्या है लक्षण
कई दिनों तक लगातार तेज बुखार होना
शरीर में तेज दर्द का होना
कमजोरी व थकावट महसूस
मुंह से खून की उलटी होना
शौच के साथ खून आना
प्लेटलेट की कमी होना
क्या है कारण
एडीज एजीटाइ मच्छर के काटने से फैलता है डेंगू
साफ में एडीज एजीटाइ मच्छर का होता है प्रजनन
दिन में ही काटता है डेंगू का मच्छर
क्या है बचाव
मच्छरों से बचाव करें.
सोते समय मच्छरदानी का प्रयोग करें
घरों तथा आसपास डीडीटी का छिड़काव कराएं
घरों के अंदर व बाहर के परिवेश को साफ-सुथरा रखें
जलजमाव नहीं होने दें
कूलर के पानी को नियमित रूप से बदलें
गमले में जलजमाव न होने दें
नाली, बाथरूम, शौचालय, रसोइघर की सफाई रोज करें
क्या करें
फलों का सेवन भरपूर करें
स्वच्छ जल खूब पीएं
दूध का सेवन नियमित रूप से करें
लंबे समय तक तेज बुखार व बदन में तेज दर्द रहने पर तुरंत चिकित्सक से सलाह लें
क्या कहते हैं उपाधीक्षक
डेंगू की बीमारी फैलने की आशंका के मद्देनजर सदर अस्पताल में डेंगू वार्ड की व्यवस्था कर दी गयी है. डेंगू मरीजों की जांच के लिए किट का भी प्रबंध किया गया है तथा इसके लिए सभी जीवन रक्षक दवाएं सदर अस्पताल में उपलब्ध हैं.
डॉ शंभूनाथ सिंह
उपाधीक्षक, सदर अस्पताल, छपरा
क्या कहते हैं विशेषज्ञ
तेज बुखार, बदन में तेज दर्द, थकान व कमजोरी होना इसके मुख्य लक्षण हैं. सामान्य तौर लोगों में दो लाख से चार लाख तक प्लेटलेट होना चाहिए. 40 हजार से कम प्लेटलेट होने पर डेंगू की बीमारी का लक्षण माना जाता है.
डॉ शालिग्राम विश्वकर्मा
फिजिसियन, सदर अस्पताल, छपरा
