छपरा (सारण) : भारत का छात्र फेडरेशन (एसएफआइ) तथा एआइएसएफ के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को जयप्रकाश विश्वविद्यालय के विवि में व्याप्त शैक्षणिक अराजकता के खिलाफ शिक्षण संस्थानों को बंद कराया तथा शहर में जुलूस निकाल कर भ्रष्टाचार के आरोपित कुलपति को शीघ्र बरखास्त करने की मांग की.
सचिव शैलेंद्र यादव के नेतृत्व में निकाले गये जुलूस में शामिल छात्रों ने शिक्षा के विकेंद्रीकरण, भगवाकरण, व्यवसायीकरण, शिक्षा में विदेशी पूंजी निवेश के खिलाफ जम कर नारेबाजी की. छात्रों ने अखिल भारतीय छात्र संगठनों के आह्वान पर हड़ताल का समर्थन किया. छात्रों ने रामजयपालक कॉलेज, राजेंद्र कॉलेज, जगदम कॉलेज, पीसी विज्ञान कॉलेज, जेपीएम कॉलेज समेत अन्य शिक्षण संस्थानों को भी बंद कराया.
जुलूस की शुरुआत राजेंद्र कॉलेज परिसर से हुई जो शहर के विभिन्न मार्गो तथा कॉलेजों में होते हुए अंत में नगर पालिका चौक पर पहुंची, जहां सभा का आयोजन किया गया. सभा को संबोधित करते हुए सचिव श्री यादव ने कहा कि इंटरमीडिएट उत्तीर्ण छात्रों का स्नातक प्रथम खंड में नामांकन नहीं हो सका है. हजारों छात्र नामांकन के लिए दर-दर भटक रहे है.
उन्होंने कहा कि कुलपति की भ्रष्ट कार्यप्रणाली के कारण सारण प्रमंडल में उच्च शिक्षा का बेड़ा गर्क हो गया है. अध्यक्ष विकास तिवारी ने कुलपति को छात्र शिक्षक व कर्मचारी विरोधी बताते हुए शीघ्र बर्खास्त करने की मांग की. उन्होंने छात्रों से एकजुट होकर केंद्र सरकार की गलत नीतियों के खिलाफ आंदोलन को तेज करने का आह्वान किया.
इस मौके पर कृष्ण कांत सौरभ, संघर्ष रंजन, रूपेश राज, सद्दाम हुसैन जुनैद खान, सरताज खान, रोहित सिंह, दिव्यांशु कुमार गोलू, राजू भाई, रंजीत यादव धर्मेद्र यादव, विशाल सिंह, आंबेडकर, इमरान खान, पप्पू कुमार, उमेश कुमार तथा एआइएसएफ के राजीव कुमार, विकास गुप्ता, कुंदन कुमार, राजन कुमार आदि ने संबोधित किया.
