परसा : नगर पंचायत के पोरई गांव के ग्रामीणों ने ट्रांसफॉर्मर नहीं बदलने एवं बिजली बिल भेजे जाने को लेकर एसएच 73 पर तुला ब्रrास्थान के समीप बांस-बल्ले से घेर कर यातायात अवरुद्ध कर दिया और टायर जला कर बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी एवं प्रदर्शन किया गया.
प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों का आरोप था कि तीन माह पूर्व ट्रांसफॉर्मर जल गया था. उसे बदलने के लिए जनप्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों से गुहार लगायी गयी. इसके बावजूद ट्रांसफॉर्मर को नहीं बदला गया और बिजली बिल लगातार भेजा जा रहा है. सड़क जाम की सूचना पाकर दरियापुर थानाध्यक्ष संजय कुमार, जेइ सुधांशु भूषण, नप अध्यक्ष प्रतिनिधि लालबाबू खलीफा व उपाध्यक्ष सत्येंद्र कुमार मौके पर पहुंच आक्रोशित को समझाने-बुझाने का प्रयास किया गया लेकिन ग्रामीणों ने निश्चित समय के अंदर ट्रांसफॉर्मर बदलने की मांग पर अड़े थे.
जेइ द्वारा 10 दिनों के अंदर ट्रांसफॉर्मर बदलने के आश्वासन दिये जाने के बाद जाम हटा एवं यातायात बहाल हो सका. प्रदर्शन में चंदन सिंह, राजेश्वर सिंह, मोहम्मद अरमान, मीना देवी, मनोज खलीफा, मोहन खलीफा, मुकेश बैठा, मुहम्मद नसीम आदि काफी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे.
