मशरक : केंद्रीय विद्यालय, मशरख के भवन का उद्घाटन शनिवार को मानव संसाधन विकास राज्य मंत्री उपेंद्र कुशवाहा ने दीप प्रज्वलित कर किया. उन्होंने कहा कि बच्चे देश के भविष्य होते हैं. उनके भविष्य के विकास के लिए शिक्षा जरूरी होती है. इसे बेहतर करने में केंद्र सरकार जुटी है.
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जमीन उपलब्ध कराये, तो केंद्र सरकार बेहतर शिक्षण संस्थान केंद्रीय विद्यालय खोलने के लिए तत्पर है. उन्होंने स्थानीय सांसद की मांग पर महाराजगंज में जमीन उपलब्ध होते ही केंद्रीय विद्यालय भवन का शिलान्यास करने की बात कही. स्थानीय सांसद जनार्दन सिंह सीग्रीवाल ने कहा कि मिड-डे-मील से शिक्षा कुप्रभावित हो रही है.
वहीं इ सच्चिदानंद राय ने कहा कि सुदूर ग्रामीण क्षेत्र में इस तरह का विद्यालय खुल जाने से आमलोगों के बच्चों को बेहतर शिक्षा मिल रही है. कार्यक्रम की शुरुआत स्कूली बच्चों ने सूर्य नमस्कार कर योगासन के साथ किया. समयाभाव के कारण कई दिनों से बच्चों द्वारा तैयार किये गये कई कार्यक्रम की प्रस्तुति नहीं हो पायी, जिससे बच्चों में मायूसी देखी गयी.
मौके पर विद्यालय संगठन के संयुक्त आयुक्त दिल्ली डॉ शशिकांत, पटना संभाग के उपायुक्त एमएस चौहान, सहायक आयुक्त बी राज गोपाल, जहानाबाद केंद्रीय विद्यालय के प्राचार्य बीपी पाठक, विद्यालय के प्राचार्य केएनपी सिंह सहित गण्यमान्य लोग उपस्थित थे.
