चोरी की दो बाइकों के साथ पुलिस ने मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मखदुमगंज गांव से दो अपराधियों को गिरफ्तार किया है. थानाध्यक्ष सह पुलिस निरीक्षक सुनील कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी की. गांव के रामरतन राय के पुत्र रोहित कुमार के दरवाजे से एक बाइक बरामद की तथा उसे पकड़ा.
इसी क्रम में विश्वनाथ राय के पुत्र रंजन कुमार को पकड़ा, जिसकी निशानदेही पर उसके घर के पीछे खेत में छिपा कर रखी एक बाइक को बरामद किया. थानाध्यक्ष श्री सिंह ने बताया कि पकड़े गये दोनों अपराधियों ने बाइक को चुराकर बेचने के लिए रखा था. दोनों का मुख्य काम बाइक की चोरी करना तथा बेचना है.
इस गिरोह का सरगना सभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं. गिरोह के मुख्य सरगना के बारे में भी पता चल गया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है.
थानाध्यक्ष ने बताया कि यह सूचना मिली थी कि दोनों अपराधी चोरी की बाइक छिपा कर रखे हैं, जिन्हें बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं. इस आधार पर छापेमारी की गयी. उन्होंने यह भी बताया कि पकड़े गये अपराधियों से बाइक चोर गिरोह के बारे में कई महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं. इसकी छानबीन की जा रही है. इस मामले में संलिप्त पाये गये अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.
