कोर्ट कैंपस से हथियार के साथ पकड़े गये अपराधी ने रिमांड होम के प्रभारी से रंगदारी मांगी थी. फरवरी, 2015 में रिमांड होम से फरार हुआ था. उक्त बात अपर पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण प्रसाद ने नगर थाने में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कही.
उन्होंने बताया कि व्यवहार न्यायालय परिसर से दो अपराधियों को अवैध हथियार के साथ शुक्रवार को पुलिस ने गिरफ्तार किया था,जिनके पास से दो मोबाइल और एक बाइक बरामद की गयी है. गिरफ्तार अपराधियों में मढ़ौरा थाना क्षेत्र के शिल्हौड़ी गांव के सुबोध कुमार उपाध्याय तथा अमनौर थाना क्षेत्र के शेखपुरा गांव के शशिशेखर कुमार सिंह उर्फ सोनू सिंह शामिल हैं.
एएसपी ने बताया कि अपराधियों ने स्वीकार किया है कि रिमांड होम के एक बंदी को देने के लिए पिस्तौल लाये थे. दोनों अपराधियों का संबंध तरुण राय तथा कन्हैया राय के गिरोह से जुड़ा हुआ है. तरुण राय दरियापुर थाना क्षेत्र के बनवारीपुर और कन्हैया राय खैरा थाना क्षेत्र के कालूपुर गांव का रहनेवाला है. तरुण फिलहाल छपरा मंडल कारा में बंद है. एएसपी के अनुसार, दोनों वर्ष 2013 से ही अपराध में संलिप्त हैं.सोनू तथा सुबोध ने मढ़ौरा से दो तथा छपरा कोर्ट कैंपस से एक बाइक की चोरी की है. सोनू तथा सुबोध के खिलाफ कई थानों में पहले से मामले लंबित हैं.
सुबोध के खिलाफ भगवान बाजार थाने में रिमांड होम के प्रभारी ने रंगदारी मांगने की प्राथमिकी दर्जकरायी है. सुबोध के पास से बरामद मोबाइल नंबर से ही रंगदारी मांगी गयी थी. दोनों अपराधियों की निशानदेही पर जिले की अलग-अलग जगहों पर तीन अपराधियों को पुलिस ने हिरासत में लिया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है.
संवाददाता सम्मेलन में नगर थानाध्यक्ष रवि कुमार, मुफस्सिल थानाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह, भगवान बाजार थानाध्यक्ष महेश प्रसाद यादव भी मौजूद थे.
