साहेबगंज चौक से मौना चौक के बीच सड़क से अतिक्रमणकारी हुए बेदखल
छपरा (सारण) : शहर के साहेबगंज चौक से मौना चौक के बीच सड़क से अतिक्रमणकारियों को शुक्रवार को बेदखल किया गया.
अहले सुबह सदर अंचल पदाधिकारी विनोद कुमार सिंह तथा नगर थाना पुलिस एवं नगर पर्षद के कर्मियों ने सड़क पर किये गये अवैध अतिक्रमण को हटवाया.
शहर की यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के उद्देश्य से अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू होते ही अतिक्रमणकारियों में अफरा-तफरी मच गयी.
अहले सुबह अभी व्यवसायियों ने अपनी दुकानें भी नहीं खोली थीं. सुबह में जगने के बाद जब व्यवसायी अपनी दुकान खोलने का सोच रहे थे, तभी काफी संख्या में पुलिसकर्मी और नगर पर्षद कर्मी जेसीबी तथा ट्रैक्टरों के साथ पहुंचे तथा दुकानों के सामने किये गये अतिक्रमण को हटाना शुरू कर दिया.
यह देख कर दुकानदारों में अफरा-तफरी मच गयी. सड़क पर बांस तथा पाइप लगा कर उस पर लगाये गये तिरपाल, प्लास्टिक व एस्बेस्टस को प्रशासन ने नोचवा दिया.
डीएम-एसपी के निर्देश पर हुई कार्रवाई
अंचल पदाधिकारी ने बताया कि जिलाधिकारी दीपक आनंद तथा पुलिस अधीक्षक सत्यवीर सिंह ने संयुक्त रूप से बैठक कर इस सड़क से अतिक्रमण हटाये जाने का निर्देश दिया था. इस पथ से अतिक्रमण हटाने का मुख्य उद्देश्य यातायात के लिए इसे चालू कराना है.
बताते चलें कि मौना चौक से साहेबगंज चौक तक सड़क पर ही दुकानें लगती है और आवागमन हमेशा बाधित रहता है. दोनों तरफ के दुकानदारों ने फुटपाथ पर कब्जा कर रखा है और फुटपाथी दुकानदारों द्वारा सड़क पर दुकानें लगायी जाती है.
इस पथ से अतिक्रमण हटाये जाने के बाद साहेबगंज से मौना चौक की तरफ जाने के लिए वन वे के रूप में इस्तेमाल किया जायेगा.
