छपरा (सदर) : आगामी बिहार विधानसभा निर्वाचन के अवसर पर 118 छपरा विधानसभा क्षेत्र के सभी 274 मतदान केंद्रों के मतदाता पहली बार वी.वी.पी.ए.टी (वोटर वेरिफिकेशन पेपर ऑडिट ट्रेल) मशीन के द्वारा मतदान करेंगे.
इसके अंतर्गत मतदाता इवीएम पर मतदान कर यह आश्वस्त हो सकते हैं कि जिस उम्मीदवार और जिस चुनाव चिह्न् को वे मत दे रहे हैं वह उसी उम्मीदवार व चुनाव चिह्न् पर पड़ रहा है.
समाहरणालय सभा कक्ष में भारत निर्वाचन आयुक्त निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, सारण, सीवान, गोपालगंज के सभी बीडीओ, अवर निर्वाचन पदाधिकारियों एवं उप निर्वाचन पदाधिकारियों को प्रशिक्षण दिया गया. इस दौरान मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के कार्यालय स्तर से प्रशिक्षित तीनों जिलों के मास्टर ट्रेनर भी उपस्थित थे.
इस कार्यशाला का उद्घाटन करते हुए डीएम सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी दीपक आनंद ने कहा कि यह प्रशिक्षण सभी पदाधिकारियों के लिए अत्यधिक महत्वपूर्ण है, क्योंकि मतदाता पहली बार वीवी पैट मशीन का उपयोग करेंगे. उन्होंने यह भी कहा कि इस दौरान स्वीप कार्यक्रम के तहत व्यापक प्रचार-प्रसार भी सुनिश्चित कराया जायेगा, ताकि मतदाता उसके बारे में पूरी जानकारी प्राप्त कर सकेंगे.
इस अवसर पर पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से इवीएम एवं वीवीपैट और उसके तकनीकी बारीकियों से अवगत कराया गया. द्वितीय सत्र में इसीआइएल तथा बीएचइएल के अभियंताओं ने प्रत्येक पदाधिकारी को अलग-अलग से उसके उपयोग के तरीके मशीन को सामने रख कर सिखाया.
इस अवसर पर मुख्यालय पटना से आये विशेष कार्य पदाधिकारी अतुल वर्मा ने भी सभी पदाधिकारियों वीवीपैट की विस्तृत जानकारी दी.
