छपरा (सारण) : एनएच 19 की बदहाली के कारण जाम की समस्या शहर में गंभीर होती जा रही है. शहर के भिखारी मोड़ से लेकर रिविलगंज गोदना मोड़ तक एनएच 19 पूरी तरह गड्ढे में तब्दील हो गया है.
खासकर गांधी चौक, नगरपालिका चौक, दारोगा राय चौक, भगवान बाजार चौक से लेकर ब्रह्मपुर पुल तक केवल गड्ढे ही नजर आ रहे हैं. इस वजह से आये दिन माल वाहक ट्रकों के गुल्ले टूटने से सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं. गड्ढे में तब्दील एनएच पर बाइक सवार आये दिन दुर्घटना के शिकार हो रहे हैं. रिक्शा व टेंपो पलटने की घटनाएं आम हो चुकी हैं. इसी तरह रिक्शा, ठेलावाले इस पथ पर चलने से कतरा रहे हैं.
सबसे भयावह स्थिति उस समय उत्पन्न हो जाती है. जब बारिश के कारण सड़क पर जलजमाव हो जाता है और उससे होकर गुजरनेवाले वाहन दुर्घटना के शिकार हो जाते हैं. स्थानीय नागरिकों द्वारा जिला प्रशासन तथा राष्ट्रीय उच्च पथ 19 के कार्यपालक अभियंता को कई बार शिकायत किये जाने के बावजूद सड़क के रख-रखाव तथा मरम्मती का कार्य नहीं किया जा रहा है. एनएच 19 के कार्यपालक अभियंता का कहना है कि शहर के ब्रह्मपुर पुल से लेकर हाजीपुर तक एनएच 19 का अधिग्रहण एनएचएआइ के द्वारा कर लिया गया है और ब्रह्मपुर पुल से लेकर मांझी तक उनके अधीन है. ब्रह्मपुर पुल से गोदना मोड़ के बीच जजर्र व बदहाल हो चुके एनएच के रख-रखाव तथा मरम्मती नहीं होने के बारे में पूछे जाने पर कार्यपालक अभियंता ने कहा कि संबंधित ठेकेदार को जल्द मरम्मती कार्य कराने का निर्देश दिया गया है.
श्रमदान से हो रहा मरम्मती कार्य
एनएच 19 की बदहाली से त्रस्त इनई गांव के ग्रामीणों द्वारा जन सहयोग तथा श्रमदान कर मरम्मती का कार्य किया जा रहा है. शनिवार को गांव के दर्जनों युवकों ने जन सहयोग से ईंट का टुकड़ा मुख्य सड़क पर गिरवाया और अपने हाथों से सड़क के गड्ढे को भर कर चलने लायक बनाने का कार्य किया.
ग्रामीणों ने बताया कि इनई ब्रह्मस्थान से पश्चिम सड़क पर जलजमाव कई माह से है. जिसके कारण बड़े-बड़े गड्ढे बन गये हैं. जिससे आये दिन बाइक सवार, साइकिल सवार दुर्घटना के शिकार हो रहे हैं. ग्रामीणों द्वारा जन सहयोग तथा श्रमदान से सड़क निर्माण कराये जाने की राहगीरों ने सराहना की.
