छात्रों ने कॉलेज में की तोड़-फोड़

जगदम कॉलेज प्रशासन पर लगा एडमिशन में धांधली का आरोप स्नातक पार्ट वन में मिशन एडमिशन शुरू होते ही हंगामों का सिलसिला शुरू हो गया है. दरअसल सभी अंगीभूत व संबद्ध कॉलेजों में सीटों की संख्या काफी सीमित है और नामांकन के आवेदन करनेवाले छात्र-छात्राओं की संख्या उससे काफी ज्यादा है. ऐसे में नामांकन से […]

जगदम कॉलेज प्रशासन पर लगा एडमिशन में धांधली का आरोप
स्नातक पार्ट वन में मिशन एडमिशन शुरू होते ही हंगामों का सिलसिला शुरू हो गया है. दरअसल सभी अंगीभूत व संबद्ध कॉलेजों में सीटों की संख्या काफी सीमित है और नामांकन के आवेदन करनेवाले छात्र-छात्राओं की संख्या उससे काफी ज्यादा है.
ऐसे में नामांकन से वंचित होने की आशंका पर छात्र-छात्राओं में रोष बढ़ता जा रहा है और वे उग्र आंदोलन, हंगामा, तोड़-फोड़ करने पर उतारू हो गये हैं. सोमवार को एक साथ कई कॉलेजों में छात्र-छात्राओं ने हंगामा किया.
एडमिशन से वंचित छात्रों ने प्राध्यापक की गाड़ी को किया क्षतिग्रस्त
कॉलेज के प्राचार्य छुट्टी पर
छपरा (नगर) : पीविवि अंतर्गत यूजी कोर्स में एडमिशन से वंचित छात्रों का गुस्सा अब फूटना शुरू हो गया है. सोमवार को जगदम कॉलेज में पार्ट वन में एडमिशन से वंचित छात्रों ने जम कर हंगामा किया.
दर्जनों की संख्या में कॉलेज में पहुंचे छात्रों ने कॉलेज प्रशासन पर एडमिशन में धांधली करने का आरोप लगाते हुए कॉलेज काउंटर को जबरन बंद कराने के साथ ही कॉलेज में जम कर तोड़-फोड़ की. आक्रोशित छात्रों ने इस दौरान काउंटर पर लगीं खिड़कियों को तोड़ डाला. उधर, छात्रों को समझाने पहुंचे कॉलेज के प्राध्यापक सह एनसीसी के पदाधिकारी डॉ विश्वामित्र डेय को आक्रोशित छात्रों का कोपभाजन बनना पड़ा.
छात्रों ने उनके साथ धक्का-मुक्की करने के साथ ही कॉलेज परिसर में खड़ी उनकी बोलेरो को भी क्षतिग्रस्त कर दिया. हालांकि बाद में हंगामे की सूचना पर पुलिस के पहुंचने पर मामला शांत हुआ. वैसे कॉलेज के प्राचार्य डॉ एसके बैठा छुट्टी पर होने के कारण कॉलेज में उपस्थित नहीं थे. बताते चलें कि जेपीविवि अंतर्गत अंगीभूत व संबद्ध कॉलेजों में सीटों की संख्या निर्धारित है, जबकि उसकी तुलना में सारण प्रमंडल में इंटरमीडिएट उत्तीर्ण छात्रों की संख्या में तिगुना से भी ज्यादा है.
उधर, एनओसी प्राप्त कॉलेजों में नामांकन बंद होने से इस बार हजारों की संख्या में छात्रों के एडमिशन से वंचित रहने की आशंका है. सूत्रों की मानें, तो अन्य कॉलेजों में भी इस तरह के हंगामे व तोड़-फोड़ की आशंका है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >